सिर्फ अच्छी शिक्षा ही बच्चों का भविष्य संवार सकती है :-सुशील रिंकू
सांसद संजय सिंह व सांसद सुशील रिंकू ने लुधियाना स्थित पीसीटीई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को किया संबोधित
जालंधर (अरोड़ा) :- आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिर्फ अच्छी शिक्षा ही हमारे बच्चों का भविष्य संवार सकती है। इसलिए बाबा साहेब डॉ. भीम राम अंबेडकर ने भी शिक्षा के महत्व पर खास जोर दिया और बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की। दोनों सांसद लुधियाना में पीसीटीई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की 25 वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सांसदों ने ग्रुप की वर्षगांठ पर अपने विचार छात्रों व शिक्षकों के साथ सांझे किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय सिंह व सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं और शिक्षकों के कंधों पर सदैव एक भारी जिम्मेदारी रहती है क्योंकि देश का भविष्य उनके हाथ में होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उजियारा किसी की अंधेरी जिंदगी रोशनी से भर सकता है, इसलिए किसी को शिक्षित करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार की तरफ से भी शिक्षा को खास तवज्जो दी जा रही है, जिसके तहत कई ऐसे क्रांतिकारी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे हमारा राज्य शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में ऐसी शिक्षा सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से हमारे बच्चे आगे बढ़ रहे हैं। स्कूलों में टीचर्स की कमी पूरी की जा रही है और उन्हें विदेशों से ट्रेनिंग दिलवाई जा रही है। ये सभी कदम पंजाब में शिक्षा क्रांति के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने पीसीटीई ग्रुप ऑप इंस्टीट्यूशंस को उनकी 25वीं वर्षगांठ पर बधाई दी और इसी तरह बच्चों में शिक्षा का प्रसार करते रहने की अपील की। इस दौरान ग्रुप की गतिविधियों के बारे में भी उन्होंने इस संस्थान के पदाधिकारियों से जानकारी हासिल की।