
जालंधर, शुक्रवार 27 नवम्बर (अरोड़ा)- दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) द्वारा अभावग्रस्त व वंचित बच्चों की निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समर्पित सामाजिक प्रकल्प ‘मंथन’ के सहयोगार्थ साईं दास स्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य ‘श्री राम कथामृत’ के पाँचवें दिन भी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

पावन कथा के पाँचवें दिन संस्थान के संस्थापक एवं संचालक श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या, सुप्रसिद्ध कथा व्यास साध्वी सुश्री श्रेया भारती जी ने ‘क्या नवधा भक्ति देती है मुक्ति की युक्ति’, ‘चित्रकूट में भक्ति रंग एवं शबरी प्रसंग’ तथा ‘श्री राम के जीवन चरित्र से सीखें प्रकृति का सम्मान’ जैसे अत्यंत प्रासंगिक और भावपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार रखे।

कथा के पाँचवें दिन जैसे ही चित्रकूट की पावन भूमि पर भक्ति के रंग, शबरी की प्रतीक्षा और प्रकृति के प्रति श्री राम के संवेदनशील भावों का वर्णन प्रारंभ हुआ, पूरा पंडाल भक्तिरस और भावों से सराबोर हो गया।

साध्वी बहनों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।


कथा के पाँचवें दिन के मुख्य आध्यात्मिक एवं सामाजिक बिंदु
- क्या नवधा भक्ति देती है मुक्ति की युक्ति: साध्वी सुश्री श्रेया भारती जी ने नवधा भक्ति के नौ सोपानों (श्रवण, कीर्तन, स्मरण, पादसेवन, अर्चन, वंदन, दास्य, सख्य और आत्मनिवेदन) की व्याख्या करते हुए कहा कि भक्ति का मार्ग केवल बाह्य कर्मकांड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हृदय के रूपांतरण की साधना है। जब साधक पूर्ण गुरु के सान्निध्य में ‘ब्रह्मज्ञान’ की दीक्षा प्राप्त कर भीतर की दिव्य दृष्टि पाता है, तभी नवधा भक्ति का वास्तविक फल प्राप्त होता है और जीव को आवागमन के बंधन से मुक्ति की सच्ची युक्ति मिलती है।
- चित्रकूट में भक्ति रंग एवं शबरी प्रसंग: चित्रकूट प्रसंग और माता शबरी की कथा का उल्लेख करते हुए साध्वी जी ने बताया कि शबरी ने वर्षों तक प्रभु के आगमन की आस में अपने भीतर की संकीर्णताओं को मिटाया और निश्छल प्रेम से प्रतीक्षा की। जब श्री राम उनकी कुटिया में पधारे, तो उन्होंने जाति, कुल नहीं, बल्कि शबरी के हृदय की निर्मलता और भाव को स्वीकार किया। शबरी प्रसंग यह सिखाता है कि जहाँ सच्चा प्रेम और समर्पण होता है, वहाँ परमात्मा स्वयं चलकर आते हैं।
- श्री राम के जीवन चरित्र से सीखें प्रकृति का सम्मान: वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए साध्वी जी ने कहा कि श्री राम का संपूर्ण जीवन प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का संदेश देता है। वनवास काल में उन्होंने वनों, नदियों, पर्वतों और वन्यजीवों के साथ सामंजस्य बिठाते हुए यह दर्शाया कि प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। यदि आज मानव श्री राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रकृति का संरक्षण और सम्मान करे, तो धरती को प्रदूषण और असंतुलन से बचाया जा सकता है।
- ‘मंथन’ प्रकल्प के माध्यम से समाज का उत्थान: साध्वी जी ने कहा कि ‘मंथन’ प्रकल्प के अंतर्गत वंचित वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ-साथ नैतिक, मानवीय और आध्यात्मिक संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर एक संवेदनशील और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।
पूजन एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कथा के पाँचवें दिन का शुभारंभ विधिवत मुख्य यजमान गौतम कुकरेजा, सोनू कुकरेजा, गौरव कुकरेजा, प्रीति कुकरेजा एवं यजमान अनूप ढींगरा, नवजोत ढींगरा, संवित कुमरा, शिवानी कुमरा, अपर्णा कुमरा, अभय कुमरा, आशीष कपूर, नवनीत कपूर, अर्पित कपूर (हकीम तिलक राज कपूर परिवार) नवनीत स्याल, राज कुमार (लक्की इलेक्ट्रॉनिक्स), नीना कुमारी, लक्की परिवार द्वारा पूजन एवं पावन ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। पावन श्री आरती के अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षाविद तथा बड़ी संख्या में प्रभु भक्त उपस्थित रहे—जिनमें पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, अशोक सरीन हिक्की, अनिल सच्चर, राजेश बाघा, विधायक बावा हेनरी, मुनीश अग्रवाल, विनोद जैन रूप पेट्स, दीपक खोसला, गौरव धवन, विकास, राकेश शांति दूत, गौरी शंकर मंदिर कमेटी, खन्ना बगीची कमेटी, रमन रम्मी, धर्मपाल सोंधी, हिमांशु सोंधी, नरेश कुमार चौधरी, प्रदीप सचदेवा, यशपाल पासपोर्ट ऑफिसर, विनीत एडीसी, सुतीक्ष्ण समरोल, जतिंदर चौहान, गौरव एशियन कार्पेट रूप से शामिल थे। - इस अवसर पर स्वामी सदानंद जी, स्वामी परमानंद जी, स्वामी गिरधरानंद जी, स्वामी सज्जनानंद जी, जालंधर शाखा प्रमुख साध्वी पल्लवी भारती जी, साध्वी त्रिनैना भारती जी सहित संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वामी सज्जनानंद जी ने समस्त जालंधर वासियों से विनम्र अपील की है कि 28 नवंबर को भव्य स्तर पर दिव्य दीपोत्सव प्रभु के अयोध्या आगमन पर साईं दास स्कूल ग्राउंड में मनाया जाएगा। सभी अधिक से अधिक संख्या में साईं दास स्कूल ग्राउंड पहुँचकर इस पावन ज्ञानयज्ञ का लाभ उठाएँ और ‘मंथन’ प्रकल्प के इस सेवा कार्य में सहभागी बनें।
Jiwanjot Savera