जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर में उच्च शिक्षा निदेशक, पंजाब एवं युवा मंत्रालय के तत्वावधान में तथा प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के कुशल मार्गदर्शन में संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय एवं युवा कार्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में संवैधानिक चेतना विकसित करना तथा भारतीय संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना था। उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान को संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर, 1949 को अंगीकृत किया गया था। वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि संविधान को अपनाए जाने की ऐतिहासिक स्मृति को संजोने के साथ-साथ उसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया जा सके। इस अवसर पर स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा कॉलेजिएट स्कूल सेक्शन, कॉलेज लाइब्रेरी, एन.एस.एस. एवं रेड रिबन क्लब के सहयोग से ‘हम संविधान दिवस क्यों मनाते हैं?’ विषय पर पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। इस चर्चा में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान के ऐतिहासिक महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों तथा संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने तर्कों एवं विचारों के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। कॉलेजिएट स्कूल सेक्शन की छात्राओं ने विशेष उत्साह एवं सक्रियता के साथ अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। पैनल डिस्कशन में भाग लेने वाली छात्राओं में हर्षिता, रिदम, सारा, प्रिज़्म, ख्वाहिश, जिया, जसलीन, कामिनी, हरलीन कौर एवं अनमोल शामिल रहीं। छात्राओं ने अपने विचारों एवं तर्कों के माध्यम से चर्चा को सार्थक एवं ज्ञानवर्धक बनाया।इस अवसर पर छात्राओं एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं सम्मान की शपथ भी ली गई। सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस गतिविधि ने छात्राओं में संवैधानिक चेतना, राष्ट्रीय एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा एवं राष्ट्रीय
एकता का आधार है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध करवाता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे। राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष अलका ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी चिंतन एवं उनके योगदान का स्मरण करवाता है। संविधान के प्रति सच्चा सम्मान तभी सार्थक है, जब हम उसके आदर्शों को अपने आचरण एवं व्यवहार में अपनाएँ। युवा पीढ़ी को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना चाहिए। एन.एस.एस. प्रभारी डॉ. ज्योति गोगिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें
अपने जीवन में अपनाना एक जागरूक नागरिक की पहचान है। उन्होंने छात्राओं को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रेड रिबन क्लब की अध्यक्षा डॉ. दीपाली ने अपने संदेश में छात्राओं को मानवीय संवेदनाओं, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक वही है, जो संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए समाज में समानता, सहयोग एवं सद्भावना को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. जीवन देवी, कॉलेज लाइब्रेरियन हरप्रीत, स्कूल कोऑर्डिनेटर उपमा एवं रोमा भी उपस्थित रहीं। सभी ने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को संविधान के प्रति जागरूक बनाना, उनमें लोकतांत्रिक चेतना एवं आलोचनात्मक चिंतन विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ।
Jiwanjot Savera