Breaking News

12वाँ गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदन तथा छात्रवृत्ति वितरण समारोह

जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद्, मुख्य शाखा जालंधर द्वारा सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अबादपुरा में 12वाँ “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन एवं छात्रवृत्ति वितरण” कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद् अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने की तथा कार्यक्रम का शुभारंभ वन्दे मातरम् के साथ हुआ। परिषद की सचिव कंचन शर्मा ने मंच संचालन करते हुए उपस्थित परिषद अधिकारियों एवं विद्यालय के अध्यापकगण का स्वागत किया। उन्होंने भारत विकास परिषद् द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यों की जानकारी दी। साथ ही गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदन गतिविधि को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र, अनुशासन एवं संस्कारों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति की एक महान परंपरा है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर विद्यालय की 07 अध्यापिकाओं को पुष्पहार पहनाकर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति-चिह्न एवं ‘योग मंजरी’ पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही अपनी-अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 07 छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अतिरिक्त कुमुद सभरवाल द्वारा व्यक्तिगत रूप से 10 विद्यार्थियों को रजिस्टर, ज्योमेट्री बॉक्स एवं कलर सेट प्रदान किए गए।

छात्रवृत्ति वितरण गतिविधि के प्रमुख राज सभरवाल जी ने परिषद द्वारा 12 जरूरतमंद छात्राओं को ₹1500 वार्षिक विद्यालय शुल्क, 10 कॉपियाँ एवं 10 पेन प्रदान किए गए, ताकि उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने में सहयोग मिल सके। इसके साथ ही राज सभरवाल ने व्यक्तिगत रूप से विद्यालय को विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए ₹11,000 का चेक भी भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान 02 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। विद्यालय के कक्षा छह की नवनीत चिड़िया के पंख लगाकर “सबसे पहले मेरे घर का…” गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं कक्षा VII की छात्रा समाया ने देशभक्ति गीत “बता क्या पूछता है मुल्क में किसका गुज़ारा है, मेरी नजर में देखो मेरा मुल्क का दिलकश नज़ारा है” प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों की सभी उपस्थित परिषद सदस्यों ने मुक्त कंठ से सराहना की। आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुणकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकास परिषद् द्वारा सेवा, संस्कार एवं समाजहित के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं और ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा के साथ-साथ संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिषद् के सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनिया धवन ने भारत विकास परिषद् द्वारा किए जा रहे सेवा, संस्कार एवं समर्पण के कार्यों की सराहना की तथा विद्यालय की ओर से परिषद् को भविष्य में भी अपना पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया । इस अवसर पर परिषद के सेवा प्रमुख प्रवीण मग्गू एवं सदस्य संदीप मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में परिषद् अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकगण, परिषद् सदस्यों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन जन गण मन एवं “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ हुआ।

Check Also

ਸੰਸਦ ਮੈਂਬਰ ਸਰਬਜੀਤ ਸਿੰਘ ਖਾਲਸਾ ਵੱਲੋਂ ਲੋਕ ਭਲਾਈ ਯੋਜਨਾਵਾਂ ਦੀ ਸਮੀਖਿਆ

ਐਮ.ਪੀ. ਲੈਂਡ ਤਹਿਤ ਦਿੱਤੀਆਂ ਗ੍ਰਾਂਟਾਂ ਨੂੰ ਜਲਦ ਖਰਚ ਕਰਨ ਦੇ ਨਿਰਦੇਸ਼ਲੋੜਵੰਦਾਂ ਨੂੰ ਘਰ, ਰੋਜ਼ਗਾਰ ਅਤੇ …