अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर विमेन, अमृतसर को अपनी पूर्व छात्रा कनिष्का शर्मा की उल्लेखनीय उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 अपने प्रथम प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर कॉलेज का नाम रोशन किया। उन्हें इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (IRMS) आवंटित हुई तथा उनकी सेवा वरीयता/उप-कैडर के रूप में इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस है। कनिष्का शर्मा वर्ष 2020–23 बैच की बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर विमेन की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान, इतिहास एवं समाजशास्त्र विषयों के साथ बी.ए. की शिक्षा प्राप्त की। स्नातक शिक्षा के दौरान उन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2021 एवं 2022 में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता रहकर ज्ञान एवं समसामयिक विषयों के प्रति अपनी रुचि का परिचय भी दिया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने कनिष्का शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उसकी सफलता महाविद्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली मजबूत शैक्षणिक नींव, संस्कारों एवं समग्र शिक्षा का प्रमाण है। उन्होंने उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी समर्पण, दृढ़ता एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। अपनी सफलता की यात्रा साँझा करते हुए सुश्री कनिष्का शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर परिश्रम, प्रतिदिन नियमित अध्ययन एवं परिवार के अटूट सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर विमेन में बिताए उनके वर्ष अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं समृद्ध रहे, जिन्होंने उनमें परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए आवश्यक आत्मविश्वास एवं अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाविद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कनिष्का शर्मा को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं करियर में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
Jiwanjot Savera