जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील रिंकू इन दिनों कनाडा में हैं। इस दौरान उन्होंने कनाडा के सरी न्यूटन से सांसद सुख धालीवाल से मुलाकात की। रिंकू कनाडा में रह रहे पंजाबियों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और सिख नेताओं से भी मुलाकात कर रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब और कनाडा में रह रहे पंजाबियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सुशील रिंकू ने सुख धालीवाल के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वे पंजाब के जगराओं के गांव सूजापुर से संबंध रखते हैं और कनाडा में लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं। रिंकू के मुताबिक, सुख धालीवाल सरी न्यूटन से छठी बार सांसद चुने गए हैं।

उन्होंने पहली बार वर्ष 2006 में कनाडाई संसद में प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने कनाडा की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका जारी रखी और कई बार सांसद निर्वाचित हुए। सुशील रिंकू ने बताया कि मौजूदा समय में सुख धालीवाल कनाडाई संसद की Standing Committee on Health के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कनाडा दौरे के दौरान सुशील रिंकू लगातार स्थानीय पंजाबी समुदाय और विभिन्न संगठनों के साथ संवाद कर रहे हैं। उनकी सुख धालीवाल के साथ हुई मुलाकात को भी इसी संपर्क अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी संवाद और पंजाबियों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
Jiwanjot Savera