अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर वूमेन, अमृतसर द्वारा जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, अमृतसर के सहयोग से शिक्षक दिवस अत्यंत उत्साह एवं शिक्षण समुदाय के प्रति श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अमरजीत सिंह बैंस, सी.जे.एम जिला अमृतसर, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उनके साथ जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के सदस्य भी उपस्थित रहें। प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा छात्राओं के जीवन, चरित्र और आकांक्षाओं को आकार देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षण का कार्य ही नहीं करते, बल्कि वे मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत के रूप में छात्राओं को कत्तर्व्यनिष्ठ एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। सभा को संबोधित करते हुए अमरजीत सिंह बैंस, सीजेएम, अमृतसर जिला ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के प्रेरणादायक जीवन एवं उनके स्थायी योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक बताया, जिनकी जयंती भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने छात्राओं को भारतीय शिक्षा प्रणाली में विभिन्न समयों पर किए गए सुधारों से भी अवगत कराया तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की बदलती भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं छात्रा परिषद की सदस्यों को मुख्य अतिथि के साथ एक ज्ञानवर्धक एवं सार्थक संवाद का अवसर मिला। छात्राओं ने उनके साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया, जिससे यह संवाद अत्यंत समृद्ध एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर डॉ. अनीता नरेन्द्र, डीन कम्युनिटी डवैलपमैंट इनिशिएटिव्ज़, कामायनी आनंद, डीन, अकादमिक्स, डॉ. श्वेता मोहन, डीन, छात्र परिषद तथा डॉ. अंतरप्रीत कौर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहीं।
Jiwanjot Savera