कैबिनेट मंत्री ने ब्लॉक जालंधर पश्चिमी के खेल मुकाबलों की करवाई शुरुआत
नशा मुक्त और रंगला पंजाब की सृजना के लिए युवाओ को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का दिया न्योता
जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज स्थानीय सरकारी आर्ट्स व स्पोर्ट्स कॉलेज में ‘खेडाँ वतन पंजाब दीया-2026’ तहत ब्लॉक जालंधर पश्चिमी के खेल मुकाबलों की शुरुआत करवाई। इस मौके पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को प्रफुल्लित करने में ‘खेडाँ वतन पंजाब दीया’ का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि हर साल ‘खेडाँ वतन पंजाब दीया’ तहत करवाए जाने वाले खेल मुकाबलों ने जहां बड़ी संख्या में युवाओ का रुख खेल मैदानों की ओर हुआ है, वहीं हर उम्र के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मंच भी प्रदान किया है। भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के विशेष यत्नों के कारण सूबे में खेलों का एक नया दौर शुरू हुआ है और पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सूबे व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सूबे को रंगला पंजाब बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है, इसी सोच तहत ‘खेडाँ वतन पंजाब दीया’ का आगाज़ किया गया था ताकि सूबे के नौजवानों को खेलों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जा सके।




उन्होंने कहा कि सूबा सरकार द्वारा ज़मीनी स्तर तक खेल बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने के लिए गांव स्तर पर आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं ताकि नौजवानों को खेलों वाले पक्ष में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि खिलाड़ियों को खेलों की तैयारी के लिए लाखों रुपये दिए जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये के नकद इनामों के साथ-साथ नौकरियां भी दी जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री ने नशा मुक्त और रंगला पंजाब की सृजना के लिए नौजवानों को नशों से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का न्योता भी दिया। भगत ने इस मौके पर एथलेटिक्स कोचिंग सेंटर स्पोर्ट्स स्कूल के खिलाड़ी गुरिंदरबीर सिंह (100 मीटर रेस) और रशदीप कौर (4×100 रिले) को एशियन गेम्स के लिए चुने जाने पर मुबारकबाद भी दी। इससे पहले भगत ने वॉलीबॉल के शो मैच का आगाज़ करवाया और खिलाड़ियों से जान-पहचान करते हुए उन्हें हमेशा खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। समागम में पहुंचने पर ज़िला खेल अफ़सर गुरप्रीत सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का स्वागत किया गया। ज़िला खेल अफ़सर ने बताया कि ब्लॉक खेलों के पहले दिन आज ब्लॉक नूरमहल, नकोदर, लोहियाँ, शाहकोट, जालंधर पश्चिमी और मेहतपुर में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल स्मैशिंग व शूटिंग, कबड्डी सर्कल व नेशनल स्टाइल, खो-खो और फुटबॉल के मुकाबले करवाए गए है। इस मौके पर बी.डी.पी.ओ. सेवा सिंह, एथलेटिक्स कोच बिकरमजीत सिंह, सरबजीत सिंह व सुनील कुमार, वॉलीबॉल कोच अमृतपाल सिंह, ट्विंकल चौधरी जूनियर एथलेटिक्स कोच और अन्य शख्सियतें भी मौजूद थी।
Jiwanjot Savera