जिमखाना क्लब चुनाव में नया मोड़, अनु माटा ने प्रोग्रेसिव ग्रुप के समर्थन की अपील की

जालंधर/अरोड़ा – जिमखाना क्लब जालंधर के चुनावी माहौल में उस समय नया मोड़ देखने को मिला, जब चुनाव से अपना नाम वापस लेने वाली मैडम अनु माटा ने क्लब के सदस्यों एवं मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए प्रोग्रेसिव ग्रुप के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

विशेष बातचीत के दौरान अनु माटा ने कहा कि जिमखाना क्लब शहर की प्रतिष्ठित संस्था है और इसके चुनाव केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि क्लब के भविष्य की दिशा तय करने का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि क्लब के विकास, बेहतर सुविधाओं, पारदर्शी व्यवस्था और प्रत्येक सदस्य के सम्मान को प्राथमिकता देने वाली सोच को आगे लाना समय की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य भी पूरी तरह साथ नहीं दे रहा। वह हाल ही में दिल्ली से अपना स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार करवाकर वापस लौटी हैं, और उन्हें आगामी उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी फॉलो-अप के लिए दोबारा दिल्ली जाना है। ऐसी परिस्थितियों के चलते उनके लिए चुनावी गतिविधियों में लगातार और सक्रिय रूप से भाग लेना संभव नहीं होगा।

अनु माटा ने कहा कि नाम वापस लेने का निर्णय किसी व्यक्तिगत कारण या पद की इच्छा से नहीं, बल्कि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर लिया गया है। वह चाहती हैं कि उनकी अनुपस्थिति के बावजूद क्लब के भविष्य के लिए सही सोच और सकारात्मक विजन को मजबूती मिले।

अनु माटा ने क्लब के सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि “इस बार वोट केवल किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि जिमखाना क्लब के बेहतर भविष्य और सकारात्मक बदलाव के लिए करें।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रोग्रेसिव ग्रुप की सोच विकास, पारदर्शिता और सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने क्लब सदस्यों से अपील की कि वे आगामी चुनाव में प्रोग्रेसिव ग्रुप के उम्मीदवारों को अपना बहुमूल्य समर्थन और वोट देकर मजबूत करें।

अनु माटा ने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक चुनावी माहौल बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव के बाद भी सभी सदस्य एक परिवार की तरह क्लब के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने विश्वास जताया कि सदस्यों का विवेकपूर्ण निर्णय जिमखाना क्लब को और मजबूत, बेहतर एवं प्रगतिशील दिशा प्रदान करेगा।

Check Also

पंजाब स्टेट फूड कमीशन के सदस्य ने जिले के सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और राशन डिपुओं का किया दौरा

नैशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं का किया निरीक्षण जालंधर (अरोड़ा) …