Breaking News

ईपीएफ नॉर्थ ज़ोन क्रिकेट टूर्नामेंट मै पंजाब ने दिल्ली (मुख्यालय) को 11 रनों से हराकर रोमांचकारी जीत हासिल की

जितेंद्र सिंह ‘मैन ऑफ द फाइनल’ और सत्य प्रकाश ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’

जालंधर (अरोड़ा) :- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन रीजनल ऑफिस, जालंधर के तत्वावधान में आयोजित ‘ईपीएफओ नॉर्थ ज़ोन क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ का आज एक बेहद रोमांचक और यादगार खिताबी मुकाबले के साथ समापन हो गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान चले जोश, अनुशासन और बेहतरीन खेल के बाद फाइनल मैच में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली मुख्यालय को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। एफसी सोंधी मैदान पर खेले गए इस कड़े और रोमांचक फाइनल में मेजबान पंजाब ने दिल्ली (मुख्यालय) को 11 रनों से मात दी और आखिरी गेंद तक चले संघर्ष के बीच खिताब अपने नाम किया। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में पंकज कुमार, रीजनल पी.एफ. कमिश्नर-I, बी. के. वर्मा, रीजनल पी.एफ. कमिश्नर-II, सहायक आयुक्त हरमीत काजल और एफ सी सोंधी कंपनी के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुरेश डी. ऋषि की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया । इन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया । पूरे टूर्नामेंट और खिताबी मुकाबले में असाधारण खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कारों से नवाजा गया। फाइनल में अपनी दमदार अर्धशतकीय पारी से मैच की तस्वीर बदलने वाले जितेंद्र सिंह को ‘मैन ऑफ द फाइनल’ के खिताब से सम्मानित किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन तालमेल दिखाने वाले सत्य प्रकाश को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के सम्मान से नवाजा गया। समापन समारोह का मंच संचालन पंकज सरपाल द्वारा बेहद सहज, जीवंत और आकर्षक अंदाज में किया गया। उनकी सधी हुई प्रस्तुति, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने वाली बातों और समारोह की लय को बनाए रखने की शैली ने हर पल को खास बना दिया। उनके संचालन ने न केवल अतिथियों और खिलाड़ियों को आपस में जोड़े रखा, बल्कि पूरे कार्यक्रम को एक सूत्र में पिरोकर यादगार बना दिया। पंकज कुमार, रीजनल कमिश्नर ने अपने संबोधित में अतिथियों और सभी प्रतिभागी टीमों के जज्बे की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन कामकाज के व्यस्त माहौल के बीच कर्मचारियों को नई ऊर्जा, आपसी मेलजोल और स्वस्थ जीवनशैली का अवसर देते हैं।

खेल के दौरान खिलाड़ियों के बीच दिखा यह तालमेल और अपनापन भविष्य में भी सभी का हौसला बढ़ाता रहेगा। इस सफल आयोजन में प्रदीप कुमार, पंकज सरपाल, दीपक कुमार, शशांक कुमार, अनिल कुमार, गुलशन कुमार, अमन कटोच, पूजा कोहली, शंकर कुमार, नारायण प्रसाद, ललित कुमार, चंदन कुमार, दयानंद झा, मोहित कुमार, दिनेश कुमार, जितेंद्र सिंह, अमित, अंकित पाठक, योगिता, डोलविन, मिहिर कुमार और प्रमोद कुमार सहित कई सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 179 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। पंजाब की इस मजबूत पारी की नींव सलामी बल्लेबाज जितेंद्र सिंह और शिवम ने रखी। फाइनल में अपनी शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर जितेंद्र सिंह को ‘मैन ऑफ द फाइनल’ चुना गया। उन्होंने 34 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 57 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को ठोस शुरुआत दी। उनके जोड़ीदार शिवम ने भी तेजतर्रार अंदाज में 25 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों के साथ 41 रन बनाए। मध्यक्रम में शशांक ने 26 गेंदों में 33 रनों का उपयोगी योगदान दिया, जबकि अंतिम ओवरों में अनिल ने महज 13 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 21 रन ठोककर टीम को 179 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दिल्ली की ओर से सत्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि करण और मोहित को 1-1 सफलता मिली। 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली (मुख्यालय) की टीम ने भी अंत तक हार न मानने वाला जज्बा दिखाया, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 20 ओवरों में 3 विकेट पर 168 रन ही बना सकी और 11 रनों से पीछे रह गई। दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक ने एक छोर संभाले रखा और 56 गेंदों में 9 चौकों व 1 छक्के की मदद से नाबाद 81 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि कविश ने 39 गेंदों में 7 चौकों के साथ 43 रन बनाए। करण ने 14 और मानसु ने नाबाद 9 रन जोड़े। पंजाब की गेंदबाजी में रितिक ने 4 ओवरों में 21 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए और रविंदर ने 1 विकेट लिया, वहीं मुनीष, विपिन, शशांक, अमित और शिवम ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दिल्ली की रनगति को रोके रखा। कार्यक्रम के अंत में बी. के. वर्मा, रीजनल पी.एफ. कमिश्नर-II ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, मैच अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद होटल में आयोजित समापन लंच के साथ इस यादगार खेल सफर का खुशनुमा समापन हुआ।

About newsadmin

Check Also

43वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट

इंडियन ऑयल मुंबई ने रेल कोच फैक्ट्री को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश …