Breaking News

डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर एवं पीएससीएसटी ने कपूरथला के विद्यालयों में वर्मी-कम्पोस्टिंग की पहल को बढ़ावा दिया

जालंधर (अरोड़ा) :- डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर ने कपूरथला ज़िले के विद्यालयों के इको क्लब समन्वयकों एवं शिक्षकों के लिए ‘कचरे से धन की प्राप्ति’ विषय पर वर्मी-कम्पोस्टिंग संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम (EEP 2026-27) के अंतर्गत पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (PSCST), चंडीगढ़ द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की गई। प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में महाविद्यालय के इको क्लब का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ जीवनशैली से संबंधित गतिविधियों में संस्थागत सहभागिता को सुदृढ़ करना था। इस कार्यशाला में कपूरथला ज़िले के 46 विद्यालयों से 50 इको क्लब समन्वयकों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ डी.ए.वी. गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सुश्री रंजीता गुगलानी (सहायक प्राध्यापक, गणित) ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रो. शरद मनोचा (सह-प्राध्यापक, अंग्रेज़ी) ने प्रतिभागियों का परिचय वरिष्ठ उप-प्राचार्य डॉ. कुॅंवर राजीव से करवाया। डॉ. राजीव ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए विद्यालय एवं सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण जागरूकता को निरंतर व्यवहारिक कार्यों में परिणत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों में पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत जीवनशैली की संस्कृति विकसित करने हेतु विद्यालयों को विशेषज्ञता एवं संस्थागत सहयोग प्रदान करने की महाविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। तकनीकी सत्रों का संचालन पर्यावरण शिक्षाविद् एवं मृदा स्वास्थ्य संवर्धक एस. गुरकिरपाल सिंह तथा इको धरती फाउंडेशन, लुधियाना के एस. दरविंदर सिंह ने किया। व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को वर्मी-कम्पोस्टिंग की तकनीकों तथा कृमि खाद तैयार करने के लिए वर्मी-बेड बनाने की विधि का प्रशिक्षण दिया।

डॉ. कोमल अरोड़ा (विभागाध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान एवं इको क्लब समन्वयक) ने प्रतिभागियों को इको क्लब पंजीकरण तथा पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम (EEP) के पोर्टल पर गतिविधियाँ अपलोड करने की प्रक्रिया से अवगत करवाया। कार्यशाला की एक प्रमुख उपलब्धि प्रतिभागी शिक्षकों को वर्मी-कम्पोस्टिंग किट वितरित करना रही, ताकि वे अपने-अपने विद्यालय परिसरों में कृमि खाद इकाइयाँ स्थापित कर सकें। इस पहल से विद्यालयों में जैविक अपशिष्ट प्रबंधन की विधियों को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है। समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव एवं सुझाव सांझा किए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उप-प्राचार्या प्रो. सोनिका दानिया, ; रजिस्ट्रार प्रो. अशोक कपूर, ; डिप्टी रजिस्ट्रारप्रो. मनीष खन्ना, ; राकेश शर्मा, प्रधानाचार्य, साईं दास ए.एस. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जालंधर; तथा एस. गगनदीप सिंह, कपूरथला ज़िला पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम समन्वयक उपस्थित रहे। डॉ. लवलीन (कार्यक्रम समन्वयक) ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (PSCST), चंडीगढ़ को वित्तीय सहायता तथा कपूरथला ज़िला प्रशासन को सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार, महाविद्यालय प्रशासन, डॉ. कोमल अरोड़ा, राकेश शर्मा एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने विद्यालयों के इको क्लब समन्वयकों के उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की तथा आयोजन समिति एवं विभिन्न विभागों के गैर-शिक्षण कर्मचारियों के योगदान को भी सराहा। कार्यशाला का समापन सामूहिक फोटो एवं जलपान के साथ हुआ। इस पहल ने पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् तथा डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर की विद्यालयों के इको क्लबों को सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट किया। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों के पुनः उपयोग एवं सत्तत जीवनशैली को विशेष महत्त्व दिया गया।

About newsadmin

Check Also

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गांव बंडाला में सजाया गया विशाल नगर कीर्तन

कैबिनेट मंत्री डॉ. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने नगर कीर्तन में माथा टेककर संगतों को दी …