पंजाब सरकार के खेलों के माध्यम से नौजवानों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रोत्साहित करने तथा अपनी जड़ों से जोड़े रखने के प्रयासों पर प्रकाश डाला
जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को लाडोवाली रोड स्थित ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ में 70वीं पंजाब राज्य अंतर-ज़िला स्कूल खेलों (2026-27) का औपचारिक उद्घाटन किया। स्कूल शिक्षा विभाग एवं ज़िला स्कूल टूर्नामेंट कमेटी, जालंधर द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में 11 नवंबर से 14 नवंबर, 2026 तक कुराशी तथा मार्शल आर्ट्स के मुकाबले होंगे। इन मुकाबलों में खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 तथा अंडर-19 (लड़के) वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। कैंबिनेट मंत्री ने हॉकी पंजाब के प्रधान तथा ‘आप’ के वरिष्ठ नेता नितिन कोहली सहित रिबन काटकर इस खेल समारोह की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने नौजवान प्रतिभागियों को मुकाबले की भावना विकसित करने तथा एक विजेता (चैंपियन) जैसी सोच अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। भगत ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उस सोच पर भी प्रकाश डाला, जिसका उद्देश्य ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया’जैसी प्रभावशाली पहलों के माध्यम से पूरे प्रदेश में खेल संस्कृति को पुनः जीवंत करना है।


भगत ने इस बात पर ज़ोर दिया कि नौजवानों को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने, शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने तथा अपनी सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़े रखने के लिए प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में शामिल करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अंतर-ज़िला खेलों में मिली सफलता नौजवानों के लिए एक ऐसा मंच का काम करती है, जिसके माध्यम से वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का प्रतिनिधित्व कर सकते है। इस दौरान हॉकी पंजाब के प्रधान नितिन कोहली ने इन पंजाब राज्य अंतर-ज़िला स्कूल खेलों में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी। हॉकी में हाल ही में प्राप्त राष्ट्रीय उपलब्धियों तथा पंजाब द्वारा पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेज़बानी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब के उभरते खिलाड़ी भविष्य में भी देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
Jiwanjot Savera