मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के ऑटोमोबाइल विभाग में फिनिशिंग स्कूल के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित

जालंधर (अरोड़ा) :- मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर के ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा फिनिशिंग स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर विशाल टूल इंडस्ट्री, जालंधर के परचेज मैनेजर इंजीनियर ऋषव शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने फिनिशिंग स्कूल कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, प्रभावशाली संवाद कौशल, टीम वर्क, आत्मविश्वास, इंटरव्यू की तैयारी तथा रिज्यूमे तैयार करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं, नौकरी प्राप्त करने के लिए जरूरी कौशल तथा कार्यस्थल पर अपनाए जाने वाले व्यावसायिक तौर-तरीकों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स और अच्छा व्यक्तित्व भी सफल करियर के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य के करियर से संबंधित प्रश्न पूछे। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि फिनिशिंग स्कूल जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करने तथा उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभाग के इंचार्ज श्री गौरव शर्मा ने भी विद्यार्थियों को व्याख्यान से प्राप्त जानकारी को अपने जीवन और करियर में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

About newsadmin

Check Also

मोहिंदर भगत ने विश्वकर्मा दिवस पर बाबा विश्वकर्मा भवन में नतमस्तक होकर सर्वहित के कल्याण के लिए अरदास की

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागबानी और रक्षा सेवाएँ कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने विश्वकर्मा …