फगवाड़ा/अरोड़ा – मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज, फगवाड़ा की ओर से दीपावली एवं बंदी छोड़ दिवस के पावन अवसर पर समस्त विद्यार्थियों और आम जनता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रीन दिवाली मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर सभी को त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण के अनुकूल तरीके से खुशियां साझा करने का आह्वान किया गया।
दीपावली का त्योहार बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञानता पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। यह रोशनी, खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा ने अपने संदेश में कहा कि हमें दीपावली खुशियों और उत्साह के साथ मनाने के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पटाखों से परहेज करने, बिजली की अनावश्यक खपत कम करने और मिट्टी के दीपक जलाने जैसे पर्यावरण अनुकूल तरीके अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कॉलेज की ओर से सभी को ग्रीन दिवाली मनाने तथा पटाखों से परहेज कर पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया गया।
Jiwanjot Savera