आई.के.जी पी.टी.यू के 300 युवाओं को सैमसंग इनोवेशन कैंपस प्रोग्राम के तहत मिलेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण

विश्वविद्यालय ने फोकल स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया समझौता, जालंधर एवं मोहाली कैंपस में मिलेगी उद्योग-केंद्रित ट्रेनिंग

जालंधर (अरोड़ा) :- आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आई.के.जी पी.टी.यू) ने युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करने एवं उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने फोकल स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड (फोकलाइट) के साथ एक समझौता किया है! इसके तहत सैमसंग की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सी.एस.आर) टीम ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ प्रोग्राम के तहत विश्वविद्यालय के जालंधर एवं मोहाली कैंपस में 300 युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम टेलीकॉम सेक्टर स्किल काउंसिल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों में आवश्यक कौशल प्रदान करना है! साथ ही उनकी तकनीकी दक्षता को मजबूत बनाना एवं तेजी से विकसित हो रही डिजिटल अर्थव्यवस्था में रोजगार एवं करियर के नए अवसरों के लिए युवा शक्ति को तैयार करना है।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने में अधिक सक्षम बन सकें। इस समझौते पर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल एवं फोकलाइट के सी.ई.ओ परवीन बंसल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. नवदीपक संधू, कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव बेदी, सहायक रजिस्ट्रार मोहित कुमार, फोकलाइट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सचिन मिश्रा तथा प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मेघेश शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल ने उच्च शिक्षा में प्रौद्योगिकी आधारित कौशल विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे उद्योग-संस्थागत सहयोग विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने और उनके कौशल को व्यावहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने में सहायक होते हैं। फोकलाइट के सी.ई.ओ परवीन बंसल ने युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने में उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सचिन मिश्रा ने उभरती प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण के अवसरों का विस्तार करने तथा कुशल एवं भविष्य के लिए तैयार कार्यबल विकसित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

About newsadmin

Check Also

सीटी पब्लिक स्कूल में ‘रास एंड रिदम डांडिया नाइट 2.0’ की धूम

‘सेम ट्रेडिशन्स, स्ट्रॉन्गर टुगेदर’ थीम के तहत गरबा, डांडिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां …