ओम देव शर्मा ने अपनी पोती रिया के जन्मदिन पर 20 जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए दिया सहयोग

जालंधर/अरोड़ा – भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा जालंधर द्वारा परिषद के वरिष्ठ सदस्य श्री ओम देव शर्मा जी के सहयोग से डी.एस.एस.डी. प्राइमरी स्कूल, सोडल चौक, जालंधर में विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ओम देव शर्मा ने अपनी पोती रिया के जन्मदिन के शुभ अवसर पर परिषद के सहयोग से विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंधित विद्यार्थियों की शिक्षा में सहायता के उद्देश्य से ₹20,000 की राशि प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ।
परिषद की शाखा सचिव कंचन शर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों का परिचय करवाते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग देना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर पंजाब पश्चिम प्रांत के अध्यक्ष विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया परिश्रम ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। विद्यालय की प्रिंसिपल ल सुमन जी ने भारत विकास परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद द्वारा विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए किया गया यह सहयोग सराहनीय है।
इससे जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।। शाखा अध्यक्ष श्री पवन कुमार गर्ग जी ने अपने संबोधन में श्री ओम देव शर्मा जी के इस प्रेरणादायी सेवा कार्य की सराहना की तथा कहा कि जन्मदिन जैसे शुभ अवसर को जरूरतमंद बच्चों की सहायता से जोड़ना समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, उपस्थित अतिथियों एवं परिषद के सभी सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ के साथ परिषद के पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा, महिला सहभागिता नीरजा खन्ना , संपर्क प्रमुख डी.के. छाबड़ा तथा परिषद के कर्मठ सदस्य संदीप मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ। भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा जालंधर द्वारा किया गया यह प्रयास सेवा, सहयोग एवं संस्कारों की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
Jiwanjot Savera