अमृतसर (प्रदीप) :- बी. बी. के. डी. ए. वी. कॉलेज फॉर विमेन, अमृतसर में महात्मा आनंद स्वामी जी की पावन स्मृति में हवन यज्ञ का आयोजन प्रिंसिपल डॉ. पुष्पिंदर वालिया के स्तुत्य मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रिंसीपल डॉ. पुष्पिंदर वालिया सहित श्री सुदर्शन कपूर, अध्यक्ष, स्थानीय प्रबन्धकर्त्री समिति मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने सर्वप्रथम ईश्वर का धन्यवाद करते हुए अपने संबोधन में महात्मा आनंद स्वामी को स्मरण करते हुए कहा कि वह एक ऐसे महापुरूष थे, जिनका महान् व्यक्तित्व आर्य समाज की पूर्ण आचार संहिता का अनुकरण करने वाला था। जिनके जीवन का मुख्य ध्येय वैदिक संस्कृति का उत्थान करना था। आपने उपस्थिति को कॉलेज के विभिन्न उपलब्धियां से परिचित कराया। आपने कहा कि डी ए वी का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को सुसंस्कृत एवं आत्म निर्भर नागरिक बनाना है। इंद्रपाल आर्य, प्रधान, आर्य समाज लक्ष्मणसर जी ने अपने संबोधन में महर्षि दयानंद द्वारा प्रज्ज्वलित दीप महात्मा आनंद स्वामी, महात्मा हंसराज, लाजपत राय को स्मरण करते हुए उन्हें प्रणाम किया। आपने महात्मा आनंद स्वामी द्वारा रचित पुस्तकों के विषय में बताया तथा महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। सुदर्शन कपूर जी ने प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया और स्टाफ के सदस्यों को हवन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी और इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि महात्मा आनंद स्वामी जी ने अपना संपूर्ण जीवन आर्य समाज और मानवता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। संगीत विभाग द्वारा मधुर भजन तुने मुझको दाता बहुत कुछ दिया है…….की प्रस्तुति दी गई। डॉ. अनीता नरेन्द्र द्वारा कुशल मंच संचालन किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा, सदस्य, स्थानीय प्रबन्धकर्त्री समिति, राकेश मेहरा, संदीप आहुजा आर्य समाज शक्ति नगर, हरीश ओबराय, अनिल विनायक, अरुण विनायक, किरण सोढ़ी आर्य समाज लॉरेंस रोड के माननीय सदस्यों सहित कॉलेज ऑफिस बीयरर्ज़, तथा छात्राओं ने भाग लिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ हवन यज्ञ संपन्न हुआ।
JiwanJotSavera