जालंधर (अरोड़ा) :- दर्शन अकादमी, जालंधर में प्रकाश पर्व दीपावली का त्योहार अत्यंत उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रकार की आकर्षक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा दीपावली के महत्व पर दिए गए प्रेरणादायक भाषणों से हुई। इसके पश्चात, संगीत शिक्षिका के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के समूह ने मनमोहक भजन राम आएंगे प्रस्तुत कर पूरे प्रांगण को भक्तिमय और आनंदित कर दिया। दीपावली के पावन पर्व को और अधिक रचनात्मक बनाते हुए, कक्षाओं में विद्यार्थियों ने फूलों और रंगों की मदद से सुंदर रंगोली सजाई और प्रत्येक कक्षा की रंगोली के माध्यम से एक विशेष सामाजिक संदेश दिया गया।



इसके साथ ही, विद्यालय में चारों हाउस (सदन) के बीच अंतर-हाउस रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें चारों स्कूली हाउसों ने बेहतरीन संदेशों के साथ आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने दीया और मोमबत्ती सजावट (कैंडल एंड दीया डेकोरेशन) की गतिविधियों में भी अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस पावन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों को उपहार भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस पावन अवसर पर प्रबंधन समिति के सदस्य श्री दीपक जौड़ा जी भी उपस्थित रहे।
Jiwanjot Savera