दर्शन अकादमी में वार्षिक खेलकूद समारोह ‘खेल तरंग’ का भव्य समापन

जालंधर (अरोड़ा) : – दर्शन अकादमी, जालंधर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह ‘खेल तरंग’ के दूसरे एवं अंतिम दिन का समापन अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं भारतीय रेलवे की वर्तमान लेखा अधिकारी (अकाउंट ऑफिसर) मनदीप कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जी ने मुख्य अतिथि को हरित पौधा भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। इसके पश्चात, शांति और सद्भाव के प्रतीक कबूतर उड़ाकर दूसरे दिन की खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया।दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रोमांचक खेल गतिविधियां आयोजित की गईं,
जिनमें प्रमुख रूप से सैक दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, बैलेंसिंग रेस, 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता तथा अंडर-17 और अंडर-19 रिले रेस शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता विद्यार्थियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों वंशिका, दिव्यांश,हर्षिताऔर राहुल भाटिया को विशेष ‘अकादमी पुरस्कार’के रुप में छात्रवृत्ति प्रदान किए गए। कार्यक्रम में शामिल होने आए अभिभावकों के लिए भी रोचक खेल गतिविधियां आयोजित की गई और उन्हें भी पुरस्कार प्रदान किए गए । पदक तालिका में सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले ग्रीन हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस का पुरस्कार तथा मार्च पास्ट में प्रथम रहने वाले ब्लू हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई ।मुख्य अतिथि मनदीप कौर जी ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को शिक्षा के साथ खेल में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य तथा अन्य प्रबंधक सदस्यों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। महोत्सव में विद्यालय प्रबंधक कमेटी के मैनेजर प्रोफेसर रजनीश खन्ना जी तथा सदस्य दीपक जौड़ा एवं एलुमनाई श्रुति अबरोल,अमित सरोए तथा पुष्प भारद्वाज जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

About newsadmin

Check Also

इनोसेंट हार्ट्स में ‘विवेशियस वाइब्रेंस 2026–27’ का भव्य आयोजन; ‘कौशल फेस्ट’ में दिखा रचनात्मकता और कौशल का संगम

जालंधर (अरोड़ा) : – इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के नूरपुर रोड और कपूरथला रोड कैंपस में …