अमृतसर/अरोड़ा – बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर विमेन, अमृतसर ने महाविद्यालय परिसर में पंजाब राज्य रेड क्रॉस द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय यूथ रेड क्रॉस शिविर में प्रतिष्ठित ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। यह उपलब्धि दो दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय की छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम रही।
बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर विमेन की छात्राओं ने समूह गान, समूह नृत्य, लोकगीत एवं प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक उपचार प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। बीबीके डीएवी कॉलेजिएट स्कूल की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए समूह गान में प्रथम, प्राथमिक उपचार एवं प्रश्नोत्तरी में प्रथम, पोस्टर निर्माण में द्वितीय तथा लोकगीत में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में शिवदुलार सिंह ढिल्लों, सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंजाब राज्य रेड क्रॉस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छात्राओं एवं स्टाफ को बधाई देते हुए छात्राओं के समर्पण, मेहनत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियाँ न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता के प्रति महाविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाती हैं।
Jiwanjot Savera