विश्वविद्यालय में दो इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने, कार्यस्थल पर प्रभावी संवाद एवं रोजगार के लिए तैयारी पर दिया गया जोर
जालंधर (अरोड़ा) :- आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आई.के.जी पी.टी.यू) ने विद्यार्थियों में व्यावसायिक आत्मविश्वास विकसित करने, प्रभावी संवाद क्षमता बढ़ाने और कार्यस्थल की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से दो इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर, कपूरथला स्थित सेंटर फॉर एक्सटेंशन एंड आउटरीच एक्टिविटीज द्वारा 8 अक्टूबर, 2026 को ‘प्रोफेशनल कम्युनिकेशन विद प्रेजेंस’ तथा 14 अक्टूबर, 2026 को ‘इंटरव्यूइंग फॉर लाइफ: बिल्डिंग कॉन्फिडेंस, कम्युनिकेशन एंड करियर रेडीनेस’ विषयों पर यह सत्र आयोजित किए! इन सत्रों में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, एप्लाइड साइंसेज, फूड टेक्नोलॉजी एवं जर्नलिज्म विषयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सत्रों के दौरान व्यावहारिक संवाद तकनीकों, पेशेवर व्यवहार, प्रभावी आत्म-प्रस्तुति एवं साक्षात्कार की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ ऐसे पारस्परिक एवं व्यावसायिक कौशलों से परिचित कराना था, जो प्रतिस्पर्धात्मक करियर के अवसरों का लाभ उठाने में सहायक होते हैं। कुलपति प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल, रजिस्ट्रार डॉ. नवदीपक संधू एवं डीन अकादमिक प्रो. (डॉ.) नीलकंठ ग्रोवर ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने अकादमिक उत्कृष्टता के साथ व्यावसायिक दक्षताओं के विकास के महत्व पर जोर दिया।





उन्होंने विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सेंटर के प्रयासों की भी प्रशंसा की। दोनों सत्र में प्रोफेशनल ट्रेनर नेहा सिंह मक्कर ने रिसोर्स पर्सन के रूप में भाग लिया। उन्होंने संवाद की विभिन्न शैलियों—निष्क्रिय, आक्रामक और निष्क्रिय-आक्रामक संवाद—के बारे में विस्तार से बताया तथा पारस्परिक संबंधों एवं व्यावसायिक संवाद पर इनके प्रभावों को समझाया। उन्होंने संचार के मॉडल पर भी चर्चा की और संदेशों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने तथा दूसरों पर सकारात्मक प्रभाव डालने में मौखिक, स्वर-संबंधी और गैर-मौखिक संकेतों की भूमिका को रेखांकित किया। दोनों सत्र में साक्षात्कार की तैयारी एवं प्रभावी आत्म-प्रस्तुति पर भी विशेष ध्यान दिया गया। वक्ता मक्कर ने विद्यार्थियों को साक्षात्कार से पहले की आवश्यक तैयारियों, साक्षात्कार संबंधी शिष्टाचार और अपनी क्षमताओं एवं खूबियों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने के तरीकों के बारे में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रमों का समापन सेंटर के समन्वयक (कोआर्डिनेटर) डॉ. कपिल गुप्ता द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने रिसोर्स पर्सन के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
Jiwanjot Savera