
चंडीगढ़, 26 सितंबर(अरोड़ा ) – गोल्डन एज सीनियर सिटिजन एसोसिएशन की ओर से मासिक मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि काउंसलर प्रेम लता एवं मैडम लवलीन कौर ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम का सफल आयोजन एसोसिएशन के प्रेसिडेंट गोपाल कृष्ण सूद, सेक्रेटरी दीपक रिखी तथा फाइनेंस सेक्रेटरी रेखा छाबड़ा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया।
समारोह के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सदस्यों की प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब रंग जमाया और माहौल को खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर राधा अष्टमी के पावन पर्व को समर्पित विशेष कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। भक्ति से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम ने समारोह में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण का संचार किया।
समारोह के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों के जन्मदिन भी धूमधाम से मनाए गए। सभी सदस्यों ने जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों के लिए स्वादिष्ट एवं विशेष लंच का आयोजन किया गया। सदस्यों ने समारोह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को आपस में जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
Jiwanjot Savera