Breaking News

मोहान लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज फगवाड़ा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर करवाई गईं विभिन्न गतिविधियां


फगवाड़ा (अरोड़ा) – मोहान लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज फगवाड़ा में उच्च शिक्षा विभाग, पंजाब एवं भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘Partition Horrors Remembrance Day’ (विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस) श्रद्धा एवं गंभीरता के साथ मनाया गया। इस दिवस का उद्देश्य केवल देश के विभाजन के दर्दनाक इतिहास को याद करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उस समय के हालात, लोगों द्वारा झेले गए दुखों और उनके संघर्षों से अवगत करवाना भी है।

इसी उद्देश्य के तहत कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने तथा विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास को याद करना हमें अपने अतीत को समझने के साथ-साथ वर्तमान और भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास भी करवाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशप्रेम, मानवता, सहनशीलता और आपसी सम्मान की भावना पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दिवस को समर्पित कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शिक्षाप्रद एवं रचनात्मक विषयों पर विशेष व्याख्यान, सेमिनार और विचार-विमर्श करवाए गए। इसके साथ ही पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और लेख रचना प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से 1947 के विभाजन से जुड़े दर्द, बिछड़ने, संघर्ष और उस समय के हालात को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इसके अलावा सरकार द्वारा तैयार की गई डिजिटल प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी विद्यार्थियों को दिखाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के संदर्भ में भी विद्यार्थियों के साथ विचार साझा किए गए। उन्हें स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता की कीमत के बारे में जानकारी देते हुए देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया गया।

अंत में प्रिंसिपल डॉ. रंधावा ने पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग और लेख रचना प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका विशेष उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने विभाजन के ऐतिहासिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अतीत से सीख लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद किया गया। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Check Also

देशभक्ति के रंग में रंगा गोल्डन बर्ड स्कूल, नन्हे सितारों ने बिखेरा देशप्रेम का जज़्बा

जालंधर (अरोड़ा) :- गोल्डन बर्ड स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का समारोह पूरे उत्साह, उमंग और …