जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद जालंधर मुख्य शाखा द्वारा स्थानीय एस.डी. फुलरवान गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आज प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें स्कूल की 12 छात्राओ की वार्षिक फीस, 10 कापियां एवं 10 पेन प्रति छात्रा को प्रदान किए गए। इस प्रकल्प के प्रमुख राज सभरवाल ने बताया कि यह छात्रवृत्ति योजना परिषद द्वारा पिछले 30 वर्षों से लगातार चलाई जा रही है और भविष्य में भी यह सहायता जारी रहेगी। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत वरिष्ठ प्रबंधक लोकेश बजाज विशेष रूप से उपस्थित थे और उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता और पानी को बचाने के बारे में विस्तार से बताया। महिला प्रमुख नीरजा खन्ना ने छात्राओं को भारत को जानो प्रतियोगिता के बारे में बताया कि यह सारे भारतवर्ष में पहली बार एक साथ 31 अगस्त को ऑनलाइन होंगी। इसकी पुस्तकें स्कूल प्रिंसिपल को दे दी गई। कार्यक्रम संचालन कर रहे गोल्डन सदस्य हर्षवर्धन शर्मा ने छात्राओं को गुरु वंदन छात्र अभिनंदन के बारे में चर्चा की और बताया कि माता उनकी प्रथम गुरु है और उसके बाद अध्यापक उनको सही दिशा में आगे बढ़ने में सहायता करते हैं।


स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का पालन करने को कहा और हर छात्रा को अपना लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी ।इसी दौरान पांचवी से 12वीं कक्षा में प्रथम आने वाली छात्राओं को अपने अध्यापिकाओं का गुरु वंदन करवाया और उन्होंने छात्रों का पुष्प हार डालकर अभिनंदन किया। छात्राओं एवं शिक्षकों को परिषद द्वारा स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, योग पुस्तकें किताबें देकर सम्मानित किया गया। 10 अध्यापकों और 9 छात्राओं को यह पुरस्कार दिए गए। फुलरवान स्कूल प्रिंसिपल अमर ज्योति शर्मा ने परिषद अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए बच्चों को पूरी लगन और मेहनत से अपनी पढ़ाई करने को कहा और बड़े होकर किसी एक जरूरतमंद छात्र-छात्रा की सहायता करने की प्रेरणा दी। परिषद अध्यक्ष पवन गर्ग ने अंत में सभी का धन्यवाद किया और समाज सेवा एवं संस्कार के प्रकल्पों को जारी रखने का वादा किया। सेवा प्रमुख प्रवीण मग्गू विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वंदे मातरम से शुरू हुआ कार्यक्रम राष्ट्रीय गान जन गण मन एवं भारत माता की जय वंदे मातरम के जय घोष से समाप्त हुआ।
Jiwanjot Savera