जालंधर (अरोड़ा) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर विमेन, अमृतसर के प्रागंण में नव शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारम्भ के अवसर पर विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में सुदर्शन कपूर, अध्यक्ष, स्थानीय सलाहकार समिति एवं सदस्य डी ए वी प्रबन्धकर्त्री समिति, नई दिल्ली सहित प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया उपस्थित रहे। प्राचार्या डॉ. पुष्पिन्दर वालिया ने परमपिता परमात्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नये सत्र में महाविद्यालय कामयाबी की नई बुलंदियाँ छुए। अपने सम्बोधन में आपने छात्राओं को जीवन में अपनी संस्कृति एवं संस्कारों का महत्व बताते हुए कहा कि डी ए वी संस्थानों में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दिए जाते हैं और बी बी के कॉलेज इस कार्य में सबसे अग्रणी है। आपने कॉलेज के विभिन्न संकायों और छात्राओं को इंडिया टुडे की 2026 की भारत की सर्वश्रेष्ठ कॉलेज रैंकिंग सूची में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने और हाल ही में आयोजित सेमेस्टर VI एवं VIII की विश्वविद्यालय परीक्षाओं में कॉलेज की छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए, डॉ. वालिया ने गर्व के साथ बताया कि कॉलेज को विविध सम्मानों जैसे कि ग्रीन भारत 2-सप्ताहिक इम्पैक्ट चैलेंज के दौरान ईको-विज़नरी लीडरशिप अवॉर्ड, सस्टेनेबल कैंपस अवॉर्ड, एनर्जी एंड रिसोर्स मैनेजमेंट एक्सीलेंस अवॉर्ड, डिस्ट्रिक्ट ग्रीन चैंपियनशिप अवॉर्ड, नेशनल सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी अवॉर्ड तथा नेशनल एडुट्रस्ट द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रिंसिपल अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया, जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय संगठन है। इस अवसर पर इंदरपाल आर्य सदस्य डी ए वी प्रबन्धकर्त्री समिति एवं प्रधान आर्य समाज, लक्ष्मणसर ने प्राचार्या जी को इस शुभ अवसर पर एवं कॉलेज द्वारा प्राप्त उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए यज्ञ के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें यज्ञ को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। सुदर्शन कपूर जी ने छात्राओं को बुद्धी प्रदान करने वाले गायत्री महामंत्र का महत्त्व बताया। आपने उपस्थिति का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छात्राओं को आर्शीवाद प्रदान किया। संगीत विभाग के अध्यक्ष प्रो. नरेन्द्र कुमार एवं अरुण कुमार ने ’’हे ज्ञानवान भगवन..भजन का गायन कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। कुशल मंच संचालन डॉ. अनीता नरेन्द्र द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर आर्य समाज शक्ति नगर से संदीप आहूजा, दीपक महाजन, आर्य समाज माडल टाउन से अतुल मेहरा, आर्य समाज लारेंस रोड़ से अनिल विनायक, प्रिं डाँ पल्लवी सेठी, डी ए वी पब्लिक स्कूल अमृतसर, एवं शची तथा महाविद्यालय की आर्य युवती सभा के सभी सदस्य और टीचिंग एवं नॉन टीचिंग के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। अंत मे शांति पाठ और प्रसाद वितरण के साथ हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ।
Jiwanjot Savera