मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 1.32 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए पवित्र स्थलों के दर्शन : प्रभबीर सिंह बराड़

दूसरे चरण के तहत विभिन्न क्लस्टरों से 2462 यात्राओं के माध्यम से 97,041 श्रद्धालुओं ने लिया धार्मिक यात्रा का लाभ
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित पहले चरण में लगभग 35,500 श्रद्धालुओं ने किए निःशुल्क दर्शन

जालंधर (अरोड़ा) :- मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई प्रमुख पहल “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना” के दो चरणों के तहत अब तक 1.32 लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को निःशुल्क धार्मिक यात्रा की सुविधा प्रदान करना और उनके धार्मिक स्थलों के दर्शन के सपनों को साकार करना है। वर्तमान में चल रहे दूसरे चरण की जिला-वार प्रगति साझा करते हुए पनसप के चेयरमैन एवं अमृतसर के युवा नेता प्रभबीर सिंह बराड़ ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 तक अमृतसर क्लस्टर से 154 यात्राओं के माध्यम से 6,160 श्रद्धालुओं ने पावन तीर्थ स्थलों के दर्शन किए हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार बठिंडा क्लस्टर से 1179 यात्राएं आयोजित की गईं, जिनके तहत 46,030 श्रद्धालु दर्शन के लिए गए। इसी तरह मोहाली से 533 यात्राओं के माध्यम से 21,104 श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए गए, जबकि लुधियाना से 596 यात्राओं के जरिए 23,747 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर इन क्लस्टरों से 2462 यात्राओं के माध्यम से 97,041 श्रद्धालुओं को निःशुल्क धार्मिक यात्रा करवाई गई। चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने आगे बताया कि 27 नवंबर 2023 को प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा” के पहले चरण के तहत लगभग 35,500 श्रद्धालुओं ने श्री हजूर साहिब (नांदेड़), श्री पटना साहिब (बिहार), वाराणसी मंदिर, मथुरा और श्री वृंदावन धाम (उत्तर प्रदेश), अजमेर शरीफ दरगाह (राजस्थान), श्री आनंदपुर साहिब, श्री अमृतसर साहिब, श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो), श्री सालासर धाम, श्री खाटू श्याम जी, माता चिंतपूर्णी जी, माता ज्वाला जी, माता नैना देवी जी और माता वैष्णो देवी जी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। चेयरमैन बराड़ ने बताया कि इस योजना का दूसरा चरण नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व के अवसर पर अक्टूबर 2025 में शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी धर्मों, जातियों और क्षेत्रों के श्रद्धालु इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के तहत श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, भगवान श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जलियांवाला बाग, पार्टिशन म्यूजियम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं विरासत स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत दी जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि योजना के दोनों चरणों में श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा के साथ-साथ आवास, भोजन, चिकित्सा सहायता और आवश्यक किटें प्रदान की गई हैं, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया गया है।

Check Also

डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में चेतना मार्च का आयोजन, पूर्व सांसद सुशील रिंकू समेत कई लोग शामिल

सतगुरु कबीर टाइगर फोर्स कबीर विहार बस्ती बाबा खेल द्वारा चेतना मार्च का आयोजनडॉ. बी.आर. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *