कहा, पंजाब सरकार द्वारा सूबे के विकास को दी जा रही है प्राथमिकता
जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के रक्षा सेवाएं भलाई, स्वतंत्रता सेनानी और बागबानी मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा आज तेज मोहन नगर और वार्ड नंबर 41, 44 में 84 लाख रुपये की लागत से पूर्ण होने वाले सड़कों तथा ट्यूबवेल लगाने के विकास कार्यों के नींव पत्थर रखे गए। भगत ने संबोधन करते हुए कहा कि यह विकास कार्य पूर्ण होने पर लोगों को काफ़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा सूबे में विकास की लहर चलाई जा रही है और राज्य का चहुमुखी विकास किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के अलावा आने वाले दिनों में करोड़ों रुपये की लागत वाले और विकास कार्य शुरू किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि सूबे की मौजूदा सरकार देश की पहली सरकार है, जिसने अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करके इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि सूबा सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग की भलाई के लिए स्कीमों की शुरुआत की गई है और लोग सरकार की चार साल की उपलब्धियों और कार्यगुजारी से बहुत खुश हैं।


पंजाब सरकार की लोक भलाई योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए भगत ने बताया कि महिलाओं के सम्मान के लिए ‘मुख्यमंत्री मांवां-धीया सत्कार योजना’ शुरू की गई है। सूबा वासियों को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा वरदान साबित हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इसके अलावा सरकार द्वारा ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ मुहिम के तहत सरकारी स्कूलों की नुहार बदल दी गई है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले मुफ्त और बेहतर शिक्षा मुहैया करवाई जा रही है, जिससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के योग्य हो रहे है।
भगत ने आगे बताया कि सूबे में खेल संस्कृति पैदा करके राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए ‘खेडा़ वतन पंजाब दीया’ के तहत विभिन्न खेल मुकाबले करवाकर युवाओं की अथाह ऊर्जा शक्ति को सकारात्मक दिशा में लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाई गई मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के सार्थक नतीजे सामने आ रहे है। उन्होंने बताया कि मुहिम के तहत जहां नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है, वहीं नशे की दलदल में फंसे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
भगत ने बताया कि इसके अलावा पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ को भी लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्कीम के तहत लोग अपने-अपने पवित्र धार्मिक स्थानों के मुफ्त दर्शन कर रहे है। इस मौके पर अन्यों के अलावा काउंसलर राज कुमार राजू, शिव कुमार काला, गिरदारा सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
JiwanJotSavera