केंद्रीय संचार ब्यूरो हिसार ने भिड़ुकी गाँव में स्वच्छता पर दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया

स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत CBC हिसार द्वारा स्वच्छता रैली एवं जागरूकता गतिविधियाँ
पलवल जिले के भिड़ुकी गाँव में CBC फील्ड ऑफिस हिसार ने स्वच्छता जागरूकता अभियान संपन्न कराया

चंडीगढ़ (ब्यूरो) :- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय हिसार ने गांव भिड़ुकी स्थित एनवीएन स्कूल के सहयोग से स्वच्छता ही सेवा 2025 राष्ट्रव्यापी अभियान (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम (ICOP) आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और विभिन्न हितधारकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यालय द्वारा स्कूल प्रशासन के सहयोग से विषयाधारित गतिविधियाँ जैसे स्वच्छता रैली, चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। 2 अक्टूबर को कार्यक्रम का मुख्य भाग आयोजित किया गया जिसमें * एसईपीओ (SEPO) होडल पशुराम प्रसाद* और चेतराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। छात्रों और शिक्षकों ने पंक्तिबद्ध होकर गाँव भिड़ुकी में स्वच्छता रैली निकाली और “प्लास्टिक मुक्त भारत” सहित स्वच्छता के महत्व पर नारे लगाकर ग्रामीणों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पशुराम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा – “स्वच्छता अभियान का महत्व केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसे हमें अपनी जीवनशैली का स्थायी हिस्सा बनाना होगा। बच्चों को विशेष रूप से स्वच्छता की आदतें अपनाने की दिशा में प्रेरित किया जाना चाहिए ताकि यह पहल और प्रभावशाली बने।” कार्यक्रम के दौरान गाँव में स्वच्छता अभियान चलाया गया, कचरा एकत्रित किया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता उपकरण वितरित किए गए। इस पहल ने गाँववासियों को स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम चौधरी ने कहा – “स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे हमें अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वच्छ भारत अभियान हमें न केवल समाज को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करता है, बल्कि स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने की दिशा भी दिखाता है। विद्यालय सदैव इस मिशन में छात्रों और समुदाय को जागरूक करने के लिए तत्पर रहेगा।” केंद्रीय संचार ब्यूरो, हिसार के नोडल अधिकारी श्री नीरज मेहलावत और उनकी टीम ने पूरे कार्यक्रम की योजना बनाई और सफलता पूर्वक क्रियान्वित किया। इस अवसर पर सीबीसी की सांस्कृतिक टीम ने नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाया। इस प्रकार, सीबीसी फील्ड ऑफिस हिसार और एनवीएन स्कूल के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम न केवल ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और समुदाय की सहभागिता को भी नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।

About admin

Check Also

नवजीवन वेलफेयर सोसाइटी, जालंधर द्वारा PiMS अस्पताल जालंधर के सहयोग से सितंबर माह में चार गांवों में मुफ्त मेडिकल कैंप आयोजित किए

जालंधर (मक्कड़) :- नवजीवन वेलफेयर सोसाइटी, जालंधर द्वारा PiMS अस्पताल जालंधर के सहयोग से सितंबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *