Breaking News

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने जालंधर दाना मंडी में धान की खरीद करवाई शुरू

कहा, पंजाब सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए वचनबद्ध
गांव नौली के किसान जगदीप सिंह ने धान की तुरंत खरीद और उचित व्यवस्थाओं के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज जालंधर दाना मंडी में धान की खरीद शुरू करवाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से धान का एक-एक दाना खरीदने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार धान की निर्बाध और उचित खरीद सुनिश्चित करेगी, ताकि बाढ़ के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों में किसानों की हर संभव मदद की जा सके। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर भी मौजूद थीं। गांव नौली के किसान जगदीप सिंह ने जालंधर दाना मंडी में बिक्री के लिए लाई धान की तुरंत खरीद और सुचारू व्यवस्थाओं के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें मंडियों में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी, क्योंकि पंजाब सरकार ने मंडियों में पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। उन्होंने जिला मंडी अधिकारी और डी.एफ.एस.सी. को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों और मजदूरों के लिए सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खरीद व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करते रहेंगे। भगत ने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद पूरे पंजाब में पुख्ता प्रबंध किए गए है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न आए। उन्होंने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) 2,389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और सरकार ने सितंबर के लिए 15,000 करोड़ रुपये और अक्तूबर के लिए 27,000 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा पहले ही प्राप्त कर ली है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को असुविधा से बचाने के लिए बारदाने की समुचित व्यवस्था की गई है। कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया कि लिफ्टिंग और भुगतान साथ-साथ किया जाएगा और खरीदी गई फसल का भुगतान सीधे किसानों के खातों में भेजा जाएगा। उन्होंने खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, मंडी बोर्ड और जिला प्रशासन के अधिकारियों को मंडियों में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए कार्यों की व्यक्तिगत तौर पर निगरानी करने के निर्देश भी दिए। कैबिनेट मंत्री ने किसानों से अपील की कि मंडियों में केवल पूरी तरह सूखा धान ही लाए, क्योंकि नमी की अधिक मात्रा खरीद में रुकावट बन सकती है। इस अवसर पर चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट रमणीक सिंह रंधावा, आप की सीनियर नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, दिनेश ढल्ल, नितिन कोहली, जिला मंडी अधिकारी अरविंदर सिंह, डी.एफ.एस.सी. हरवीन कौर और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

About admin

Check Also

कैम्ब्रिज से राष्ट्रपति भवन तक: बाल दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यार्थियों को मिला राष्ट्रपति भवन आने का प्रतिष्ठित निमंत्रण

जालंधर (अरोड़ा) :- एच.आर.भाटिया एजुकेशन सोसाइटी के तत्वावधान में संचालित कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल (को-एड), जालंधर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *