युद्ध नशे के विरुद्ध: कैबिनेट मंत्री ने नशा मुक्ति केंद्र का किया दौरा, मरीजों का जाना हाल

कहा, पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम के सार्थक परिणाम आ रहे है सामने सिविल अस्पताल में उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज स्थानीय शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र का दौरा किया और वहां दाखिल मरीजों का हाल-चाल जाना। उन्होंने केंद्र में नशा पीड़ितों के उपचार के लिए दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ऐसे रोगियों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उनके साथ सिविल सर्जन डा.गुरमीत लाल भी उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशे के विरुद्ध ’ मुहिम के अंतर्गत नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशा पीड़ितों को समाज में शामिल करने के लिए पुनर्वास प्रयासों को भी मजबूत किया जा रहा है, जिसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे है। भगत ने कहा कि नशा मुक्ति यात्रा के तहत नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता फैलाने के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए राज्य सरकार आदर्श खेल मैदान और पुस्तकालय का निर्माण करवा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए गांवों और वार्डों तक पहुंच कर जमीनी स्तर पर काम कर रही है और जल्द ही नशे के खिलाफ लड़ाई जीत ली जाएगी और राज्य को रंगला पंजाब बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने नशा मुक्ति केंद्र में मरीजों से बातचीत करते हुए उन्हें डॉक्टरों की सलाह के अनुसार पूरा इलाज करवाने और दोबारा नशे की लत से बचने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने सिविल अस्पताल का दौरा किया। इनमें इमरजेंसी, ओ.पी.डी., रजिस्ट्रेशन, एम.आर.डी. विभिन्न विभागों का दौरा किया और वहां मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने सिविल सर्जन से अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बात की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में उपचार सेवाएं प्राप्त करने में किसी भी मरीज को कोई परेशानी न आए तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा पंजाब सरकार की प्राथमिकता है तथा सरकार राज्य के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर मैडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि सामान्य बीमारियों से लेकर कैंसर तक के मरीजों को सिविल अस्पताल में विशेषज्ञों द्वारा उपचार सुविधाएं प्रदान की जा रही है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने सिविल अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओ के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने जोनल लाइसेंसिंग प्राधिकरण को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि कोई भी केमिस्ट नशीली दवाइयां न बेच सके।

About admin

Check Also

नवजीवन वेलफेयर सोसाइटी, जालंधर द्वारा PiMS अस्पताल जालंधर के सहयोग से सितंबर माह में चार गांवों में मुफ्त मेडिकल कैंप आयोजित किए

जालंधर (मक्कड़) :- नवजीवन वेलफेयर सोसाइटी, जालंधर द्वारा PiMS अस्पताल जालंधर के सहयोग से सितंबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *