विद्यार्थियों ने खेलकूद, मनोरंजक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लिया आनंद
जालंधर (अजय छाबड़ा) :- सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल, न्यू डिफेंस कॉलोनी, जालंधर में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास, खुशी एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन स्कूल की प्रिंसिपल बबीता शर्मा की देखरेख में किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए इस दिन को यादगार बनाना तथा उन्हें अपनी खेल प्रतिभा दिखाने, मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेने और अपने मित्रों के साथ खूबसूरत यादें संजोने का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक गीत एवं सामूहिक शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर आदरणीय चेयरमैन साहब को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।






उनकी दूरदर्शी सोच, आदर्श एवं योगदान आज भी सेंट सोल्जर परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समारोह के दौरान सभी आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर रिले दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए बाधा दौड़ शामिल रही। विद्यार्थियों ने बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए नीलाम घर (लकी ट्री) उपहार गतिविधि, डीजे पार्टी, फूड स्टॉल, मिकी माउस, मनोरंजक झूले एवं सीनियर विद्यार्थियों के लिए पहेलियां तथा म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।






पूरा स्कूल परिसर बच्चों की हंसी, तालियों और उत्साह से गूंज उठा तथा सभी विद्यार्थियों ने इस विशेष दिन का भरपूर आनंद लिया। ग्रुप चेयरपर्सन संगीता चोपड़ा ने स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा आयोजित इस शानदार एवं यादगार समारोह की सराहना की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय होता है, जिसे खुशियों, अच्छी शिक्षा, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसरों से भरपूर होना चाहिए।
Jiwanjot Savera