जालंधर/अरोड़ा भारत विकास परिषद मुख्य शाखा की ओर से नवरात्रों के पावन अवसर पर डीएसएसडी गर्ल्स स्कूल, इंडस्ट्रियल एरिया, जालंधर में कन्या पूजन एवं बालिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ। परिषद के प्रधान पवन कुमार गर्ग ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पर्यावरण प्रमुख अनिल कुमार शर्मा, कमलेश गर्ग, कैशियर संजीव गंभीर, महिला सहभागिता प्रमुख नीरजा खन्ना तथा परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या एकता अरोड़ा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

नीरजा खन्ना के मार्गदर्शन में छात्राओं के लिए विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। कन्या सम्मान एवं आशीर्वाद के बाद ‘मैं बनूंगी…’ गतिविधि में छात्राओं ने मंच पर अपने भविष्य के सपने साझा किए। ड्रॉइंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर चित्र बनाए।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ‘पास द बॉल’ जैसी मनोरंजक खेल गतिविधियां भी करवाई गईं।
‘बेटी भी पढ़े, पौधा भी बढ़े’ अभियान के तहत पांच छात्राओं को पौधे भेंट किए गए। इसके माध्यम से बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने बेटियों के सम्मान एवं सशक्तीकरण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजीव गंभीर ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बालिका की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने जरूरतमंद छात्राओं की शिक्षा में हरसंभव आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया।
Jiwanjot Savera