अनुभव के साथ विकास का विजन लेकर मैदान में धीरज सेठ, सदस्यों के हित को दी सर्वोच्च प्राथमिकता — धीरज सेठ

जालंधर। जालंधर जिमखाना क्लब के आगामी चुनावों को लेकर Achievers Group की ओर से जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार धीरज सेठ ने क्लब के विकास, सदस्यों की सुविधाओं में विस्तार तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली को अपनी प्राथमिकता बताते हुए सदस्यों से समर्थन की अपील की है।
धीरज सेठ ने अपने पिछले कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2014 से 2019 तक क्लब में ट्रेजरर के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इस दौरान क्लब के विकास और सदस्य हितों से जुड़े विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में क्लब में लिफ्ट सुविधा, रिसेप्शन एरिया का विकास, रेस्टोरेंट का नवीनीकरण तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिनका लाभ आज क्लब के सदस्य उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती केवल नई सुविधाएं उपलब्ध करवाने से नहीं, बल्कि सदस्यों का विश्वास, वित्तीय पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने से होती है। उनका प्रयास रहेगा कि क्लब में होने वाले कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और सदस्यों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ क्लब की वित्तीय व्यवस्था को भी मजबूत रखा जाए।
धीरज सेठ ने कहा कि क्लब में विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के आयोजन के साथ-साथ स्पॉन्सरशिप, विभिन्न योजनाओं और सदस्यों को उचित एवं रियायती दरों पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकता है। उनका उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां क्लब के प्रत्येक सदस्य को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और अपनी बात रखने का उचित अवसर मिले।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सोच “No Extra Burden” की नीति के साथ क्लब के विकास को आगे बढ़ाने की है। उनका कहना है कि विकास ऐसा होना चाहिए जिसका सीधा लाभ सदस्यों को मिले और क्लब पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
धीरज सेठ ने कहा कि Achievers Group केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि जालंधर जिमखाना क्लब को और अधिक व्यवस्थित, आधुनिक, पारदर्शी एवं सदस्य-केंद्रित बनाने के विजन के साथ मैदान में है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से आगामी चुनाव में अपना बहुमूल्य समर्थन देकर उन्हें जूनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में सेवा का अवसर देने की अपील की।
उन्होंने कहा, “क्लब ने हमें बहुत कुछ दिया है और अब समय है कि हम मिलकर क्लब के लिए कुछ और बेहतर करें। मेरा लक्ष्य पद हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी लेकर सदस्यों के विश्वास पर खरा उतरना है।”
धीरज सेठ ने सभी सदस्यों से Achievers Group को समर्थन देने और विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Jiwanjot Savera