जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद, जालंधर द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को भारत विकास भवन में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के फलस्वरूप प्राप्त हुई है।


उन्होंने सभी से देश की प्रगति, सामाजिक एकता और राष्ट्रसेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के हर्ष वर्धन, राज सबरवाल, राजकुमार चौधरी, अनिल शर्मा व के.एल मनचंदा ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। अंत में सचिव कंचन शर्मा ने उपस्थित सदस्यों का कार्यक्रम में सहभागिता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
Jiwanjot Savera