जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, जालंधर ने गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाडोवाली रोड में किए गए अपने वचन को निभाते हुए पंजाब मैट्रिक परीक्षा के टॉपर एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्र महेश को नई साइकिल भेंट कर उसकी शिक्षा यात्रा को और सुगम बनाने का सराहनीय प्रयास किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव सेवा, संस्कार एवं समर्पण के अपने ध्येय को लेकर समाज के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को उचित सहयोग और प्रोत्साहन मिलना चाहिए ताकि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी शिक्षा से वंचित न रहे। शाखा सचिव कंचन शर्मा ने कहा कि परिषद ने जो संकल्प लिया था, उसे आज पूरा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने महेश को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी अपनी मेहनत और लगन से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा और अपने प्रांत के साथ साथ अपने देश का नाम भी रोशन करेगा। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा तथा परिषद के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राज कुमार चौधरी अपनी धर्मपत्नी उषा चौधरी सहित विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महेश का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए। इस अवसर पर महेश एवं उसके परिवार ने भारत विकास परिषद के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साइकिल उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की नई प्रेरणा है। परिषद के इस सेवा कार्य की सभी ने सराहना की।
Jiwanjot Savera