10 दिवसीय शिविर में 600 से अधिक कैडेटों ने लिया सैन्य एवं नेतृत्व प्रशिक्षण
जालंधर (अरोड़ा) :- सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर में 2 पीबी बटालियन एनसीसी, जालंधर द्वारा आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-40) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 6 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित इस दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 600 से अधिक एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का नेतृत्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एन. एस. चीमा (एसएम) ने किया। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी दलबीर सिंह, सूबेदार मेजर गुलजार सिंह, सूबेदार कृष्ण कुमार, सूबेदार सुरेश कुमार, सूबेदार सुरिंदर सिंह, सूबेदार रविंदर सिंह, सूबेदार सुखचैन सिंह, नायब सूबेदार हरप्रीत सिंह, नायब सूबेदार सतपाल सिंह तथा सीटीओ गर्व कुकरेजा सहित 2 अधिकारी, 6 एएनओ, 23 पीआई स्टाफ और 12 सिविल स्टाफ ने शिविर संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






शिविर के पहले दिन कर्नल एन. एस. चीमा ने कैडेटों को अनुशासन, शिविर नियमों और एनसीसी के मूल्यों के बारे में मार्गदर्शन दिया। शिविर में सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, एलपीयू, डीएवी यूनिवर्सिटी, डेविएट, लायलपुर खालसा कॉलेज, एपीजे कॉलेज, डीएवी कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉलेज तथा दोआबा कॉलेज के कैडेट शामिल हुए। प्रतिदिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) से होती थी। कैडेटों को ड्रिल, हथियार संचालन, राइफल प्रशिक्षण, फायरिंग तथा फील्ड क्राफ्ट का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, यातायात नियम, राष्ट्रीय एकता, अंगदान, अग्नि सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस तथा पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बाल संरक्षण जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। यातायात पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तथा मोहन फाउंडेशन द्वारा विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। कैडेटों को मैप रीडिंग, दूरी का आकलन तथा सैन्य संकेतों का भी प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान खेल प्रतियोगिताओं और इंटर-कंपनी मुकाबलों का आयोजन किया गया। डेल्टा कंपनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चार्ली कंपनी उपविजेता रही। प्रत्येक शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कैडेटों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पदक प्रदान किए गए।






इस अवसर पर सीटी ग्रुप के वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. अर्जन सिंह तथा डीएसडब्ल्यू मैनेजर अमनदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सीटी ग्रुप को अपने शाहपुर परिसर में इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी करने पर गर्व है तथा सभी कैडेटों और आयोजन टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। शिविर के अंतिम दिन सभी कैडेटों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा जलपान के साथ शिविर का समापन हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर कैडेटों के लिए अनुशासन, नेतृत्व, टीमवर्क, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को और अधिक सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।
Jiwanjot Savera