जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर के पी.जी. पंजाबी विभाग की छात्राओं ने यूनिवर्सिटी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करके संस्थान का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता ने महाविद्यालय की उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण अकादमिक परंपरा को और अधिक मजबूत किया है। यूनिवर्सिटी परिणामों में पूजा ने 8.17 एस.जी.पी.ए. प्राप्त करके पहला स्थान हासिल किया, जबकि गुरलीन, निशा और जसवीर कौर ने 8.00 एस.जी.पी.ए. के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही जसप्रीत, गीतिका और सिमरनजीत कौर ने 7.83 एस.जी.पी.ए. प्राप्त करके तीसरा स्थान हासिल कर अपनी योग्यता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन छात्राओं ने अपनी लगन, मेहनत और अध्यापकों के योग्य मार्गदर्शन के बल पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यूनिवर्सिटी परिणामों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रीमती एकता खोसला ने सफल छात्राओं, उनके अभिभावकों और पंजाबी विभाग के अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व की बात है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी छात्राएँ इसी प्रकार मेहनत और समर्पण के साथ नई ऊँचाइयों को छुएँगी और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी। डॉ. खोसला ने विभागाध्यक्ष डॉ. नवरूप तथा फैकल्टी सदस्यों श्रीमती कुलजीत कौर, डॉ. मनदीप कौर, डॉ. संदीप कौर और अन्य अध्यापकों की भी भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके समर्पित मार्गदर्शन, कठोर परिश्रम और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण ने छात्राओं की इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी यह विभाग इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देकर महाविद्यालय का नाम रोशन करता रहेगा। इस अवसर पर पोस्ट ग्रेजुएट पंजाबी विभाग के प्रमुख डॉ. नवरूप ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Jiwanjot Savera