दिव्य गुणों के विकास हेतु ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा 5 दिवसीय “डिवाइन समर कैंप” का सफल आयोजन

जालंधर (अरोड़ा) :- आदर्श नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केन्द्र पर बच्चों के सर्वांगीण एवं आध्यात्मिक विकास के उद्देश्य से 5 दिवसीय “डिवाइन समर कैंप” का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष कैंप की थीम “Being Divine” (दिव्य बनना) रही, जिसमें लगभग 80 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन में दिव्य गुणों, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करना था। पाँच दिनों तक चले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन एक अलग विषय पर आधारित सत्र आयोजित किए गए। इनमें The Divine Me (मैं एक दिव्य आत्मा), The Divine Friend – God (परमात्मा मेरा दिव्य मित्र), Divine Thoughts (दिव्य विचार), Divine Relationship (दिव्य संबंध) तथा Divine Actions (दिव्य कर्म) जैसे विषयों पर बच्चों को सरल एवं रोचक ढंग से मार्गदर्शन दिया गया। कैंप के दौरान बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया तथा समझाया गया कि जब हम स्वच्छ और सकारात्मक मन से परमपिता परमात्मा को याद करते हैं, तो उनके दिव्य गुण हमारे जीवन का हिस्सा बन जाते हैं। बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे प्रतिदिन सुबह आंख खुलते ही परमात्मा को याद करें, दिनभर प्रत्येक कार्य आरंभ करने से पहले उनका स्मरण करें तथा रात्रि को सोने से पूर्व परमात्मा को एक पत्र लिखकर उन्हें “गुड नाइट” कहें।

इस अभ्यास से बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मकता और ईश्वर के प्रति प्रेम विकसित हुआ। आध्यात्मिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के रचनात्मक एवं बौद्धिक विकास हेतु पेपर क्राफ्ट, ड्रॉइंग, ब्रेन गेम्स, वैल्यू गेम्स, नृत्य तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विश्व पर्यावरण दिवस के संबंध में बच्चों द्वारा पौधारोपण भी कराया गया। इस अवसर पर डॉ आर एल बस्सन पूर्व सिविल सर्जन ने बच्चों को प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों की देखभाल के महत्व से अवगत कराया ताकि वे प्रकृति माता के साथ भी एक सकारात्मक एवं जिम्मेदार संबंध स्थापित कर सकें। समर कैंप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गवर्नमेंट पालीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री हर्ष कुमार उपस्थित हुए। उन्होंने बच्चों से कैंप में सीखी गई बातों के बारे में प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा दिए गए सटीक एवं प्रभावशाली उत्तरों से वे अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने बच्चों को जीवन में अच्छे संस्कार, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरणादायक संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य हर्ष कुमार ,सेवाकेन्द्र प्रभारी राजयोगिनी संधीरा दीदी जी तथा राजयोगिनी विजय दीदी जी एवं डॉ आर एल बस्सन ने बच्चों को प्रमाण-पत्र, उपहार एवं रिफ्रेशमेंट वितरित किए। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा बच्चों के नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान हेतु किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

Check Also

जालंधर विशाल धार्मिक समागम के लिए पूरी तरह तैयार, हंसराज रघुवंशी 13 जून को देंगे प्रस्तुति : मोहिंदर भगत

पंजाब सरकार द्वारा पूर्ण समर्थन का भरोसा, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल श्रद्धालु …