जालंधर (अरोड़ा) :- विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर Being Human Souls Insaniyat De Farishte द्वारा हवेली में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य साइकिलिंग को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा साइकिल चालकों को एक मंच पर एकत्रित करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व मिन्नी कौर सूर एवं हरदीप सिंह ने किया, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों के लिए उत्साहपूर्ण एवं उत्सवमय वातावरण तैयार किया। इस अवसर पर फगवाड़ा साइक्लिंग क्लब, JCB साइक्लिंग ग्रुप सहित विभिन्न साइक्लिंग समूहों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

प्रतिभागियों से साइकिलिंग से संबंधित प्रश्न पूछे गए, वहीं “फिट रहें, साइकिल चलाएँ” विषय पर साइकिल का चित्र बनाकर स्लोगन लिखने की गतिविधि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। आम जनता से भी फिट रहने के उपायों तथा साइकिल चलाने के लाभों पर चर्चा की गई। साइकिलिंग विषय पर विशेष टंग ट्विस्टर प्रतियोगिता ने माहौल को मनोरंजक बना दिया, जबकि साइकिल के इतिहास, उसके विभिन्न भागों एवं तकनीकी शब्दावली (Terminology) से जुड़े प्रश्नों पर आधारित ज्ञानवर्धक सत्र ने प्रतिभागियों की जानकारी को और समृद्ध किया। कार्यक्रम में विजेताओं को प्रदान किए गए पदक Decathlon द्वारा प्रायोजित किए गए। यह आयोजन Decathlon के सहयोग से साइकिल चालकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी साइकिल चालकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिटनेस के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Jiwanjot Savera