एचएमवी में ब्रिटिश हाई कमीशन के सहयोग से वीज़ा धोखाधड़ी जागरूकता हेतु फोटो प्रदर्शनी का आयोजन

जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय जालंधर, में प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के दिशानिर्देशन अधीन ब्रिटिश हाई कमीशन के सहयोग से ‘वीज़ा फ्रॉड तों बचो’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत कॉलेज के मॉस कम्यूनिकेशन एवं वीडियो प्रोडक्शन विभाग की ओर से परिसर में एक फोटो प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं युवा यात्रियों को वीज़ा धोखाधड़ी तथा अवैध प्रवासन से जुड़े जोखिमों के प्रति जागरूक करना था। प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन ब्रिटिश हाई कमीशन के डिप्टी हेड ऑफ मिशन अमनदीप ग्रेवाल तथा डॉ. नवरूप द्वारा मेहमानों को ग्रीन प्लांटर भेंट कर व ज्योति प्रज्जवलन से किया गया। प्रदर्शनी में वास्तविक जीवन के मामलों को प्रदर्शित किया गया, जिनके माध्यम से धोखेबाजों द्वारा अपनाई जाने वाली चालों और ऐसे जाल में फंसने के गंभीर परिणामों को उजागर किया गया। सत्र के दौरान ब्रिटिश हाई कमीशन की टीम ने छात्रों को एक विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट (+91 70652 51380) के बारे में जानकारी दी, जो अंग्रेज़ी, हिंदी और पंजाबी में यूके यात्रा से संबंधित प्रमाणिक जानकारी प्रदान करता है। यह चैटबॉट उपयोगकर्ताओं को धोखाधड़ी की पहचान करने में सहायता करता है और वैध यात्रा मार्गों की सही जानकारी देता है। इसके अतिरिक्त, वीज़ा प्रक्रिया, धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित प्रवासन के लिए एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। इस पहल की सराहना करते हुए प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने अपने संदेश में कहा कि जागरूकता ही वह सबसे सशक्त माध्यम है, जिससे युवाओं को वीज़ा धोखाधड़ी के जाल से बचाया जा सकता है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को अपने भविष्य की योजना बनाते समय सही, जिम्मेदार और सुरक्षित निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक युग में विदेश में शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही वीज़ा धोखाधड़ी जैसी चुनौतियाँ भी सामने आ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि वे किसी भी एजेंट या संस्था पर आँख मूंदकर विश्वास न करें, बल्कि आधिकारिक स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि सही जानकारी और सतर्कता ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी है। प्राचार्या ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ये विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनने में सहायक सिद्ध होते हैं। वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि वीज़ा धोखाधड़ी के गंभीर परिणाम हो सकते हैं, जिनमें आर्थिक नुकसान, शोषण और यहां तक कि यूके यात्रा पर 10 वर्षों का प्रतिबंध भी शामिल है। यह पहल भारत और यूके के बीच मोबिलिटी एंड माइग्रेशन पार्टनरशिप एग्रीमेंट के अंतर्गत अनियमित प्रवासन को रोकने के साझा प्रयासों को भी सुदृढ़ करती है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री राजिंदर नागरकोटी, सीनियर एडवाइजर पालिटिकल मीडिया एंड माइग्रेशन, ब्रिटिश हाई कमिशन, रचना चतुर्वेदी तथा सुनयना शर्मा (माइग्रेशन ऑफिसर्स), अरविंद पाल सिंह भामरा (मैनेजर – आपरेटर बीएफएस ग्लोबल) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल समन्वयन डॉ. रमा शर्मा द्वारा किया गया, जबकि डॉ. रमनिता सैनी शारदा, कोऑर्डिनेटर (ग्लोबल लिंकिजेस) ने सहयोग प्रदान किया। यह प्रदर्शनी अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रभावशाली सिद्ध हुई, जिसने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के संबंध में सुरक्षित एवं सूचित निर्णय लेने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा लोक गीतों का गुलदस्ता डॉ. प्रेम सागर व डॉ. गुंजन के संरक्षण में प्रस्तुत किया गया। संगीत वादन विभाग द्वारा फोक आरकेस्ट्रा (लोकसाज) प्रस्तुत किया गया। मॉस कम्यूनिकेशन विभाग से श्रीमती ज्योति सहगल एवं सुश्री गायत्री उपस्थित रही। मंच संचालन गुंजन द्वारा किया गया।

Check Also

सेंट सोल्जर कॉलेज, जालंधर में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जालंधर (अजय छाबड़ा) :- सेंट सोल्जर कॉलेज (को-एजुकेशन), जालंधर द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *