जालंधर (अरोड़ा) :- अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर ने आज संबंधित अधिकारियों को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शिक्षा संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सरकार द्वारा व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति शिक्षा संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने डी.ई.ओ. (एलिमेंटरी), डी.ई.ओ. (सेकेंडरी) को शिक्षा संस्थानों और सिविल सर्जन को जिले में चल रहे अस्पतालों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए हिदायत दी कि यह अधिकारी शिक्षा संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों संबंधी अपनी मांग गैस कंपनियों को रोजाना देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि जिला कंट्रोलर, खुराक एवं सिविल सप्लाई इनकी मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपनी मांग संबंधी जिला कंट्रोलर, खुराक एवं सिविल सप्लाई को रोजाना सूचित करेंगे और जिला कंट्रोलर व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग संबंधी संबंधित गैस एजेंसियों के साथ तालमेल करते हुए इसकी पूर्ति करवाना सुनिश्चित करेंगे। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिनों बाद (पहले सिलेंडर की डिलीवरी होने के बाद) होगी, इसलिए सभी गैस उपभोक्ता गैस की बुकिंग सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी अपील की कि जिस इलाके में उपभोक्ताओं को पी.एन.जी. के माध्यम से गैस की आपूर्ति हो रही है, वे पी.एन.जी. गैस का ही उपयोग करें और मौजूदा हालात को देखते हुए गैस सिलेंडरों की बुकिंग न करवाए ताकि यह सिलेंडर जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर मिल सकें। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने आई.ओ.सी.एल., बी.पी.सी.एल., एच.पी.सी.एल., जिला नोडल अधिकारियों और सेल्स अधिकारियों को व्यावसायिक सिलेंडरों की निर्विघ्न आपूर्ति जारी रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन करके गैस एजेंसियों और अन्य विभिन्न जगहों पर लगातार चेकिंग/छापेमारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्विघ्न जरूरत के अनुसार की जा रही है और जिला प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। बैठक में जिला कंट्रोलर खुराक एवं सिविल सप्लाई नरिंदर सिंह, डिप्टी डी.ई.ओ. (ई.ई.) जालंधर, सिविल सर्जन जालंधर, जिला नोडल अधिकारी आई.ओ.सी.एल. जालंधर, सेल्स अधिकारी आई.ओ.सी.एल. जालंधर उपस्थित थे।
JiwanJotSavera