जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर की छात्राओं ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर के अंतर-जोनल युवा मेले में शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटरेरी ट्रॉफी अपने नाम की। महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न लिटरेरी प्रतियोगिताओं जैसे वाद-विवाद, कविता, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए और संस्था का गौरव बढ़ाया। इस शानदार उपलब्धि पर प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने पूरी युवा मेला टीम को बधाई दी। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों का यह सिलसिला जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डीन यूथ वेलफेयर डॉ. आशमीन कौर की कुशल नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए लिटरेरी प्रतियोगिताओं की प्रभारी डॉ. रमनीता सैनी शारदा (वाद-विवाद, भाषण एवं कविता) तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की प्रभारी श्रीमती बीनू गुप्ता सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एच.एम.वी. सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रमाण है। वाद-विवाद (अंग्रेजी) प्रतियोगिता में मान्या और जाह्नवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में समता, अंशिका और बेनिका की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भाषण (अंग्रेजी) प्रतियोगिता में पाहुल ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करते हुए एच.एम.वी. ने लिटरेरी ट्रॉफी अपने नाम की। इस अवसर पर डॉ. आशमीन कौर ने सभी प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी युवा मेला टीम को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता के लिए प्राचार्या एवं समस्त शिक्षकों द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
Jiwanjot Savera