जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा जालंधर द्वारा सेंट दास एंग्लो संस्कृत सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सेवा प्रकल्प एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शाखा अध्यक्ष श्री पवन कुमार गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। विद्यालय परिसर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रांगण में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया और पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने भारत विकास परिषद द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद द्वारा जरूरतमंदों तथा बच्चों के लिए किए जा रहे सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक हैं। उन्होंने परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा प्रकल्प बच्चों में सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सेवा प्रकल्प के अंतर्गत श्री नरेंद्र शर्मा जी और जय देव मल्होत्रा जो कि इस प्रकल्प के सयुक्त संयोजक थे दोनों के सौजन्य से नरेंद्र शर्मा जी के पौत्र चिरंजीव कियांश शर्मा के करकमलों दवारा विद्यालय के लगभग 150 बच्चों को खाद्य सामग्री, जिसमें बिस्किट, केले, चॉकलेट एवं अन्य फ्रूट आइटम वितरित की गई। बच्चों ने इस सेवा प्रकल्प को बड़े उत्साह एवं प्रसन्नता के साथ स्वीकार किया। भारत विकास परिषद के कोषाध्यक्ष संजीव गंभीर, लोकेश बजाज, अशोक कुमार शर्मा , मनोहर लाल शर्मा व जय देव मल्होत्रा आदि उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा किए गए सेवा कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में परिषद के डी.के. छाबड़ा (पी.आर.ओ) ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी परिषद सदस्यों का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा जालंधर ने कहा कि परिषद भविष्य में भी “सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण” की भावना के साथ समाजहित एवं राष्ट्रहित में ऐसे सेवा प्रकल्प निरंतर आयोजित करती रहेगी।
Jiwanjot Savera