डिप्टी कमिश्नर ने व्यापारियों की मुश्किलों व शिकायतों का समाधान बिना किसी देरी के सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जिला प्रशासन ने व्यापारी वर्ग की 290 शिकायतों का किया निपटारा
लंबित मामलों के निपटारे के लिए प्रगति की नियमित समीक्षा करने की हिदायत
पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों के हितों की रक्षा की वचनबद्धता दोहराई

जालंधर (अरोड़ा) :- डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज अधिकारियों को व्यापारियों और दुकानदारों को पेश आने वाली मुश्किलों और शिकायतों का निपटारा बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और ट्रेडर्स कमीशन के जिला व हलका स्तर के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा व्यापारियों और दुकानदारों की पावरकॉम, नगर निगम, पुलिस, टैक्स और एक्साइज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 290 शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया गया है। पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों की मुश्किलों के समयबद्ध समाधान के लिए www.punjabdisewa.com पोर्टल बनाया गया है, जिस पर व्यापारी अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते है। वालिया ने अधिकारियों को हिदायत की कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर फौरी कार्रवाई करते हुए समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा व्यापारियों की मुश्किलों के समाधान के लिए पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के प्रतिनिधियों के साथ जिला और सब-डिवीजन स्तर पर लगातार समीक्षा मीटिंगें भी की जा रही हैं, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का उपयुक्त समाधान करके उन्हें और बेहतर तरीके से सुविधाएं प्रदान की जा सकें। डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि बेहतर आपसी तालमेल के साथ व्यापारी वर्ग के मुद्दों का समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी हिदायत की कि व्यापारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निपटारे के लिए व्यक्तिगत ध्यान दिया जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लंबित मामलों को तुरंत निपटाया जा सके। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों के हितों की रक्षा की वचनबद्धता दोहराते हुए श्री वालिया ने कहा कि व्यापारियों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करने के लिए यत्नशील है। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर व अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, ए.डी.सी.पी. सुखविंदर सिंह, समस्त एस.डी.एम., विभिन्न विभागों के अधिकारी और ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य हरिंदरपाल सिंह मनोचा व इंद्रवंश सिंह चड्डा के अलावा कमीशन के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Check Also

श्री गुरु रविदास जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर बनारस से पहुंचे पावन कलश का जालंधर में भव्य स्वागत

श्रद्धालुओं ने ढोल-ताशों, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और लड्डू बांटकर किया अभिनंदन जालंधर (अरोड़ा) :- श्री गुरु …