मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज में श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाई गई संस्थापक स्व. सुदर्शन कुमार उप्पल की पुण्यतिथि

जालंधर (अरोड़ा) :- फगवाड़ा स्थित मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज में कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय सुदर्शन कुमार उप्पल की पुण्यतिथि पारंपरिक रीति-रिवाजों तथा श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘संकल्प दिवस’ के रूप में विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र आहुतियां अर्पित की गईं। इस आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम में प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा, लोकल मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन विकास उप्पल तथा कमेटी के सदस्य पूजा उप्पल, ओम उप्पल, कविता उप्पल, अजीत सिंह वालिया और प्रशांत उप्पल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कॉलेज के अध्यापकों, स्टाफ सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर स्वर्गीय सुदर्शन कुमार उप्पल के आदर्शों एवं शिक्षाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा ने कहा कि यह कॉलेज डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि समिति की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षण संस्थाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज, फगवाड़ा ने क्षेत्र में शिक्षा का प्रकाश फैलाते हुए अपने 26 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं प्रबंधन संस्थापक स्वर्गीय सुदर्शन कुमार उप्पल के दूरदर्शी सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक तथा खेलकूद के क्षेत्र में प्राप्त उत्कृष्ट उपलब्धियों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रबंधकों, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने स्वर्गीय सुदर्शन कुमार उप्पल के उच्च आदर्शों का अनुसरण करते हुए शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ परिसर के प्रति सदैव समर्पित रहने का दृढ़ संकल्प लिया।

Check Also

जालंधर फ्रूट मंडी एसोसिएशन का गठन: वैभव सचदेवा बने प्रधान, यशपाल बिट्टा चेयरमैन और सुखविंदर सिंह भोलू महासचिव

वरिष्ठ आढ़ती वेद प्रकाश बलूजा के संरक्षण में नई कार्यकारिणी का गठन, दिनेश ढल्ल सहित …