गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, जालंधर ने किया 30 से भी अधिक शिक्षिकाओं का सम्मान

जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा, जालंधर द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर फेंटनगंज गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन कुमार गर्ग ने की और वन्दे मातरम् के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। परिषद की सचिव कंचन शर्मा ने सदन में उपस्थित सभी लोगों का परिचय विद्यार्थियों और शिक्षकों से करवाया और सभी का स्वागत करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देकर उन्हें एक आदर्श नागरिक बनाते हैं।गुरु समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गुरु वंदन और छात्र अभिनंद के प्रकल्प प्रमुख हर्षवर्धन ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाते, वे चरित्र गढ़ते हैं, संस्कार देते हैं और राष्ट्र का भविष्य तैयार करते हैं।इस अवसर पर विद्यालय की 30 से अधिक अध्यापिकाओं को पुष्पहार पहना कर सम्मानित किया साथ ही 08 अध्यापिकाओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए स्मृति चिह्न और योग मंजरी पुस्तक दे कर सम्मानित किया गया। साथ ही अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं का भी प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया।

सेवा कार्यों के अंतर्गत परिषद के छात्रवृत्ति वितरण गतिविधि के प्रमुख राज सभरवाल जी द्वारा 12 जरूरतमंद छात्राओं की वार्षिक विद्यालय फीस 1500 रुपये प्रति छात्र प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त छात्राओं को 10 कॉपियाँ एवं 10 पेन भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहयोग मिल सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदन लाल अग्रवाल स्कूल के चेयरपर्सन थे वही विशेष अतिथि एवं भारत विकास परिषद, पंजाब प्रांत के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राज कुमार चौधरी थे जिन्होंने अपने संबोधन में कहा गुरु का सम्मान केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन भर निभाया जाने वाला संस्कार है। जिस समाज में गुरु का सम्मान होता है, वही समाज ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में सबसे आगे बढ़ता है। साथ ही उन्होंने प्रधानाचार्य से आग्रह किया कि विद्यालय के ऐसे विद्यार्थियों को, जो कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक हैं, वे उन्हें परिषद भवन की कंप्यूटर शाला से जुड़ने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें ताकि विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। स्कूल की प्रधानाचार्य रेणु कुमारी जी ने भी इस सेवा कार्य में अपना पूरा योगदान देने का आश्वासन दिया साथ ही परिषद की सेवा, संस्कार एवं समर्पण की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति एवं गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं तथा विद्यार्थियों को शिक्षा देतें हुए कहा कि ये उनका कर्तव्य है कि वे अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करें। कार्यक्रम में परिषद के कोषाध्यक्ष संजीव गंभीर, संस्कार प्रमुख लोकेश बजाज, महिला सहभागिता प्रमुख नीरजा खन्ना, पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा के साथ परिषद् के सदस्य संदीप मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में परिषद के अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकगण, परिषद सदस्यों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में कार्यक्रम का समापन जन गण मन और भारत माता की जयघोष के साथ हुआ।

Check Also

लायंस क्लब जालंधर ने गुरुपुर्णिमा पर PFA गौशाला, पुलिस लाइन में गुड़, चारा डाला, बीमार पशुओं के इलाज के लिए दिया अंशदान

जालंधर (अरोड़ा) :- मानवता और गौसेवा को समर्पित लायंस क्लब जालंधर ने आज गुरपुर्णिमा के …