जालंधर, 14 जून (JJS): पंजाब पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, जालंधर सिटी के प्रधान चरण सिंह बाठ तथा एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा श्री गुरुद्वारा साहिब, पुलिस लाइन जालंधर में पेंशनर्स एवं उनके परिवारों की सुख-शांति, खुशहाली तथा चढ़दी कला की कामना हेतु श्री सुखमनी साहिब जी के पावन पाठ का आयोजन करवाया गया।

इस धार्मिक समागम में एसोसिएशन के सदस्यों तथा उनके परिवारों ने बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भाग लिया। उपस्थित संगत ने गुरबाणी एवं कीर्तन का श्रवण किया तथा समस्त मानवता की सुख-शांति और भलाई के लिए अरदास में शामिल होकर वाहेगुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर का भी आयोजन किया गया।
धार्मिक समागम के उपरांत आयोजित बैठक में पेंशनर्स से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। एसोसिएशन के सदस्यों ने पंजाब सरकार से मांग की कि महंगाई भत्ता (डीए) तथा लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र किया जाए, ताकि पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिल सके।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि पेंशनर्स की लंबे समय से लंबित मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए तथा पंजाब सरकार को इस संबंध में सकारात्मक और ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेगी।
Jiwanjot Savera