फगवाड़ा/अरोड़ा – मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेजिएट स्कूल में विश्व एथलेटिक्स दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने खेल भावना को अपनाने, नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का दृढ़ संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का प्रण किया।
विद्यार्थियों ने खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने तथा समाज को भी खेलों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस दौरान प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती ही नहीं बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए खेलों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा बताया गया कि खेल मनुष्य में टीम भावना, सहनशीलता, अनुशासन और मेहनत करने की आदत विकसित करते हैं। विद्यार्थियों ने स्वस्थ समाज के निर्माण और नशा-मुक्त पंजाब बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दोहराया।
JiwanJotSavera