जालंधर (अरोड़ा) :- समाज सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए सीटी ग्रुप ने अपने विभिन्न कैंपसों में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया। प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों, फैकल्टी और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 400 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सीटी यूनिवर्सिटी, लुधियाना में ‘सम्वेदना ट्रस्ट’ और ‘गुरु नानक देव चैरिटेबल हेल्थ केयर सोसायटी’ के सहयोग से मेगा रक्तदान शिविर लगाया गया।






इस शिविर को विश्वविद्यालय समुदाय से शानदार प्रतिक्रिया मिली। आयोजन में सिविल अस्पताल, लुधियाना और न्यू कोकिला ब्लड सेंटर, जगराओं का सहयोग रहा। करीब 15 अनुभवी डॉक्टरों की टीम की देखरेख में शिविर को सफलतापूर्वक संचालित किया गया, जिसमें 250 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस अवसर पर सीटी यूनिवर्सिटी के चांसलर सरदार चरणजीत सिंह चन्नी, प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह और डायरेक्टर स्टूडेंट वेलफेयर इंजीनियर दविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा, सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।






‘सम्वेदना ट्रस्ट लुधियाना’, ‘सत्यम अस्पताल’, ‘ऑर्थोनोवा अस्पताल’ और ‘भगत सिंह विवेकानंद विचार मंच’ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और 152 यूनिट रक्त दान किया। इस मौके पर सीटी ग्रुप के चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है, जो अनमोल जीवन बचाने में सहायक है। उन्होंने युवाओं से ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
JiwanJotSavera