अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज की आर्य युवती सभा द्वारा महाविद्यालय के प्रांगण में नववर्ष की सुन्दर पावन बेला पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप् में सुदर्शन कपूर अध्यक्ष, स्थानीय प्रबन्धकर्त्री समिति एवं कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया उपस्थित रहे।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने सर्वप्रथम ईश्वर का धन्यवाद किया। अपने संबोधन में आपने कहा कि निराकार, शाश्वत, प्रकाशमय परमेश्वर की अनुकंपा से हम जीवन के सद्मार्ग पर अग्रसर होते हैं। उनके सानिध्य में हमें परम आनन्द प्राप्त होता हैं। नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और खुशियों का संचार करे।
अध्यक्ष सुदर्शन कपूर ने सभी को नववर्ष की मंगलकामना देते हुए कहा कि ईश्वर सर्वव्यापक है एवं कण-कण में विद्यमान है। हमें अपने भीतर के पाँचों विकारों को नियंत्रित कर जीवन के मार्ग पर अग्रसर रहना चाहिए। आपने सभी को स्वस्थ रहने एवं प्रसन्न रहने का आशीष दिया। अंत में कॉलेज के संगीत विभाग द्वारा मनमोहक भजन पेश किए गए। इस अवसर पर कॉलेज का टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टॉफ उपस्थित रहा। शान्ति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ यज्ञ का समापन किया गया।
JiwanJotSavera